Gyan Prakash Dubey-NGV PRAKASH NEWS

मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव ने किया बूथों का निरीक्षण, बीएलओ की कार्यप्रणाली पर जताई नाराजगी
बस्ती, 28 नवंबर 2026.
मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान (SSR-2027) के तहत शनिवार को रोल प्रेक्षक एवं बस्ती मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव ने बस्ती सदर और कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई बूथों पर बीएलओ की कार्यप्रणाली में कमियां मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार करने और पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने बस्ती सदर विधानसभा क्षेत्र के गांधीकला भवन स्थित बूथ संख्या 129, 130, 131, 132 और 133 का निरीक्षण किया। यहां पांचों बूथों के बीएलओ एक साथ बैठे मिले। किसी भी बीएलओ ने अपना पहचान पत्र नहीं लगाया था और न ही उनके पास बीएलओ रजिस्टर उपलब्ध था। इस पर मंडलायुक्त ने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी प्रमोद कुमार को निर्देश दिया कि प्रत्येक बीएलओ के बैठने की अलग-अलग व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए और उन्हें पहचान पत्र उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने बीएलओ को भी निर्देशित किया कि वे ड्यूटी के दौरान अनिवार्य रूप से अपना पहचान पत्र धारण करें, जिससे आम नागरिक आसानी से उनकी पहचान कर सकें।
इसके बाद मंडलायुक्त ने प्राथमिक विद्यालय बैरिहवां स्थित बूथ संख्या 124, 125 और 126 का निरीक्षण किया। यहां बूथ संख्या 124 की बीएलओ चन्द्रकला के कार्यों पर उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए प्रशंसा की। निरीक्षण के दौरान बीएलओ ने फार्म-6, फार्म-7, फार्म-8, जेंडर रेशियो और बीएलओ रजिस्टर के संबंध में जानकारी दी। हालांकि 17 नवंबर से अब तक फार्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं के पंजीकरण की संख्या काफी कम मिलने पर मंडलायुक्त ने पात्र नागरिकों से फार्म-6 प्राप्त कर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र के कम्पोजिट पूर्व माध्यमिक विद्यालय कप्तानगंज-द्वितीय स्थित बूथ संख्या 299 और 300 का भी निरीक्षण किया गया। यहां भी फार्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं के पंजीकरण की संख्या बेहद कम पाई गई। मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने और पात्र युवाओं सहित सभी छूटे हुए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एक और महत्वपूर्ण कमी सामने आई। निरीक्षण किए गए बूथों पर फार्म-6, 7 और 8 की संख्या कम होने के साथ ही किसी भी बीएलओ के पास बीएलओ रजिस्टर उपलब्ध नहीं मिला। इसके अलावा मतदाता जागरूकता के लिए किसी भी बूथ पर फ्लेक्सी या बैनर भी नहीं लगाया गया था। इस पर मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि फार्म-6, 7 और 8 की संख्या बढ़ाने के लिए संभ्रांत नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों का सहयोग लिया जाए। प्रत्येक बीएलओ को बीएलओ रजिस्टर और पहचान पत्र उपलब्ध कराने के साथ ही अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त (न्यायिक) सुरेन्द्र प्रसाद यादव, अपर आयुक्त (प्रशासन) मनोज कुमार तिवारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी बस्ती सदर प्रमोद कुमार, हर्रैया के प्रद्युम्न कुमार, कप्तानगंज के शशि बिन्द कुमार द्विवेदी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
NGV PRAKASH NEWS