नगर पुलिस नें ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे पांच परिवारों को भेजा घर…….

Gyan Prakash Dubey-NGV PRAKASH NEWS

राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के निर्देश पर कार्रवाई, ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे पांच मजदूर परिवारों को भेजा गया घर

बस्ती, 28 नवंबर 2026.

राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग, नई दिल्ली के निर्देश पर थाना नगर पुलिस और श्रम विभाग की टीम ने नगर थाना क्षेत्र के पुरैना में ईंट-भट्ठे पर कार्यरत मजदूरों से पूछताछ कर आवश्यक कार्रवाई की। इस दौरान पांच मजदूर अपने परिवारों के साथ वहां कार्यरत मिले। पूछताछ के बाद सभी को सकुशल उनके घर जाने के लिए रवाना कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार, ईंट-भट्ठे पर मजदूरों के उत्पीड़न और बंधक बनाकर काम कराने संबंधी शिकायत प्राप्त हुई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक बस्ती ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी कलवारी बृजेश सिंह के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक थाना नगर मनोज कुमार सिंह ने तत्काल संज्ञान लिया।

इसके बाद जनपद स्तर से लेबर कमिश्नर की टीम के साथ थाना नगर पुलिस संबंधित ईंट-भट्ठे पर पहुंची। वहां कार्यरत आरफान, इमरान, जाविर, बरकत और सोहिल अपने-अपने परिवारों के साथ मिले। टीम ने सभी मजदूरों से अलग-अलग पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान मजदूरों ने बताया कि वे अपने घर जाना चाहते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि उनके साथ कोई ज्यादती नहीं की गई है। इसके बाद पुलिस और श्रम विभाग की टीम ने सभी पांच मजदूर परिवारों को सकुशल घर जाने के लिए रवाना कर दिया।

पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए मजदूरों की सुरक्षा और उनके हितों का ध्यान रखा गया।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *