Gyan Prakash Dubey-NGV PRAKASH NEWS

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर डीआईजी ने भारतभारी मेला और कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण, सुरक्षा तैयारियों का लिया जायजा
सिद्धार्थनगर, 28 नवंबर 2026.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के जनपद सिद्धार्थनगर में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को डीआईजी बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन के साथ कार्यक्रम स्थल एवं भारतभारी मेले का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, मंच, हेलीपैड, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों, अग्निशमन सुरक्षा तथा आपातकालीन व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, निर्धारित रूट व्यवस्था, संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग एवं फ्रिस्किंग तथा आमजन की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए।
डीआईजी ने सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने और सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर प्रशांत कुमार प्रसाद, क्षेत्राधिकारी डुमरियागंज बृजेश कुमार वर्मा सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
NGV PRAKASH NEWS