हत्याकांड -धारदार हथियार से मार कर मां बेटे की हत्या

जी.पी. दुबे

97210 712 75

बलरामपुर में मां-बेटे की निर्मम हत्या, पुलिस जांच में जुटी

बलरामपुर 16 अक्टूबर 24.
जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र के सोनार गांव में दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है, जहां मां-बेटे की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मृतकों के शरीर पर कई घावों के निशान पाए गए हैं। बेटा मन्नू उर्फ रामलाल अपनी मां लखराजी और पत्नी पूनम के साथ ससुराल में रहता था। सोमवार रात हुई इस वारदात का पता मंगलवार सुबह 11 बजे चला, जब दोनों के रक्तरंजित शव कमरे में पाए गए।

घटना की सूचना ससुर गोरखनाथ पासवान ने पुलिस को दी। उन्होंने अपनी तहरीर में आरोप लगाया कि उनके दामाद मन्नू ने अपनी मां लखराजी की हत्या कर दी है। हालांकि, तहरीर में मन्नू की भी मौत के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विकास कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया। कमरे से खून से सना फरसा बरामद किया गया है, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

गौरतलब है कि गोरखनाथ पासवान की कोई संतान नहीं थी, इसलिए उनके चचेरे भाई की बेटी पूनम उनके साथ रहती थी। पूनम की शादी श्रावस्ती के पठान कोठरा निवासी मन्नू से हुई थी, और मन्नू अपनी पत्नी व मां के साथ ससुराल में ही रह रहा था। पुलिस के मुताबिक, दो दिन पहले मन्नू और पूनम के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद पूनम अपने पांच बच्चों को लेकर घर छोड़कर चली गई थी।

एसपी विकास कुमार ने बताया कि 24 घंटे के भीतर जांच पूरी कर वास्तविक कारणों का पता लगा लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *