
जी.पी. दुबे
97210 711 75
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम: क्यों नहीं की शादी और उनकी अनोखी हेयरस्टाइल का रहस्य
भारत रत्न और मिसाइल मैन के नाम से मशहूर डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का जीवन प्रेरणादायक और बेहद अनुकरणीय रहा है। आज उनकी जयंती पर, हम उनके जीवन से जुड़े कुछ ऐसे सवालों पर चर्चा करेंगे जो अक्सर लोगों के मन में उठते हैं। इनमें सबसे अहम सवाल यह है कि डॉ. कलाम ने शादी क्यों नहीं की और उनकी हेयरस्टाइल के पीछे की वजह क्या थी।
डॉ. कलाम का संघर्षपूर्ण जीवन और पायलट बनने का सपना
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का जन्म 15 अक्टूबर 1931 को तमिलनाडु के रामेश्वरम में एक साधारण मछुवारे परिवार में हुआ था। उन्होंने अपने संघर्ष और कड़ी मेहनत के बल पर न केवल देश को उसकी पहली मिसाइल ‘अग्नि’ दी, बल्कि भारत के मिसाइल कार्यक्रम में भी अहम भूमिका निभाई। उनका सपना एयरफोर्स में पायलट बनने का था, जिसके लिए उन्होंने एयरोस्पेस इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। हालांकि, सिर्फ एक रैंक कम होने की वजह से वह एयरफोर्स में पायलट नहीं बन सके। इसके बाद उन्होंने DRDO और ISRO में वैज्ञानिक के रूप में अपने करियर की शुरुआत की और देश के विज्ञान जगत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
शादी क्यों नहीं की?
अब्दुल कलाम की सफलता के पीछे एक बड़ा सवाल हमेशा बना रहा कि उन्होंने शादी क्यों नहीं की। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कलाम का मानना था कि शादी और बच्चों के साथ जिम्मेदारियों में फंसने से व्यक्ति का ध्यान बंट सकता है और वह अपने लक्ष्यों को पूरी तरह हासिल नहीं कर पाता। उनका कहना था कि अगर उन्होंने शादी की होती, तो वे जीवन में उतनी उपलब्धियां नहीं हासिल कर पाते। यही कारण था कि उन्होंने जीवनभर अविवाहित रहने का निर्णय लिया।
कलाम की अनोखी हेयरस्टाइल का रहस्य
डॉ. कलाम की हेयरस्टाइल भी उनकी पहचान का एक हिस्सा बन गई थी। वह अपने बालों को बीच से मांग निकालकर रखते थे, जो उनके लुक को खास बनाता था। एक दिलचस्प बात यह है कि ‘स्पीकिंग ट्री’ वेबसाइट के अनुसार, जन्म से ही कलाम का एक कान आधा था, जिसे छिपाने के लिए वे लंबे बाल रखते थे। यही वजह थी कि उनकी हेयरस्टाइल हमेशा चर्चा का विषय बनी रहती थी।
डॉ. कलाम का जीवन एक आदर्श है, जो बताता है कि समर्पण और कड़ी मेहनत से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उनके विचार और व्यक्तित्व आज भी लाखों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।



