
Gyan Prakash Dubey
गंगा की सफाई में मिला अंग्रेजों का छुपा खजाना: गंगा के नीचे दिखा रेलवे ट्रैक, जानिए कब चलती थी ट्रेन?

हरिद्वार 17 अक्टूबर 24.
उत्तराखंड के हरिद्वार में गंगा नदी की सफाई के दौरान कुछ ऐसा सामने आया है जिसने लोगों को हैरान कर दिया है। सफाई के दौरान अंग्रेजों के जमाने की एक पुरानी रेल पटरी दिखाई दी, जो दशकों से गंगा की गहराइयों में छिपी हुई थी। बताया जा रहा है कि इस रेलवे ट्रैक पर छोटे-छोटे बोगियां चलाई जाती थीं, जिन्हें खासकर बच्चों के मनोरंजन के लिए बनाया गया था।
यह पटरी हरिद्वार के गंगा घाट के पास मिली है, जो हरिद्वार रेलवे स्टेशन से करीब तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। जैसे ही इस पुरानी पटरी का फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, लोग आश्चर्यचकित रह गए और सवाल उठाने लगे कि क्या सच में यहां कभी ट्रेन चलती थी?
इतिहासकारों के अनुसार, अंग्रेजों के दौर में गंगा नदी और नील धारा के बीच एक विशाल मैदान हुआ करता था, जिसे ‘रोडी बेलवाला’ के नाम से जाना जाता था। यहां पर घना जंगल फैला हुआ था। हालांकि, समय के साथ इस क्षेत्र का स्वरूप बदल चुका है और अब यह एक हाईवे से घिरा हुआ है। अंग्रेजों के समय की ये धुंधली यादें, इस रेल पटरी के मिलने से एक बार फिर जीवंत हो उठी हैं।
वहीं, हर की पौड़ी में पानी की कमी की वजह से श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वार्षिक मेंटेनेंस के चलते गंग नहर को यूपी सिंचाई विभाग द्वारा बंद कर दिया गया है, जिससे हर की पौड़ी पर पानी की मात्रा कम हो गई है।
