देवरिया पुलिस की तत्परता से बची एक जान

जी. पी. दुबे

देवरिया पुलिस की तत्परता से बची एक जीवन: सीपीआर ने दिलाई नई जिंदगी

शनिवार को देवरिया पुलिस की मुस्तैदी ने एक व्यक्ति की जान बचा ली। कार्डियक अरेस्ट से बेहोश हुए व्यक्ति को समय रहते सीपीआर देकर पुलिस ने नया जीवन प्रदान किया। घटना तब हुई जब देवरिया डायल 112 के प्रभारी उप निरीक्षक विनोद कुमार सिंह, रोजाना की तरह पुलिस लाइन के पास सुबह टहल रहे थे। उसी समय, रुद्रपुर रोड की ओर एक स्कूटर पर सवार दो व्यक्ति जा रहे थे। पुलिस लाइन के नजदीक एक आरओ प्लांट के पास, स्कूटर पर पीछे बैठे व्यक्ति अचानक अचेत हो गए और स्कूटर से गिरने लगे।

लोगों की चीख-पुकार पर स्कूटर चालक ने तत्काल गाड़ी रोकी। अचेत व्यक्ति का सिर स्कूटर के पहिए के पास आ गया था। उप निरीक्षक विनोद कुमार सिंह ने तत्काल स्थिति को भांपते हुए, अपने सहयोगी हेड कांस्टेबल मोहम्मद तबरेज और धनुषधारी तिवारी की मदद से बेहोश व्यक्ति को स्कूटर से उतारा और सड़क पर लिटा दिया।

विनोद कुमार सिंह ने तत्परता दिखाते हुए लगभग 5 मिनट तक व्यक्ति को सीपीआर दिया। इसके बाद, बेहोश व्यक्ति धीरे-धीरे होश में आने लगे। होश में आने पर उन्होंने अपना नाम राम आशीष यादव, निवासी लक्ष्मी नारायण मंदिर के पीछे, थाना कोतवाली, जनपद देवरिया बताया। तुरंत उन्हें मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने खूब सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *