लूट के 25 लाख मिले हेड कांस्टेबल के घर

Gyan Prakash Dubey

हेड कांस्टेबल के घर से बरामद हुए लूट के 25 लाख रुपये

मेरठ 21 अक्टूबर 24.
जानी कस्बा स्थित यूपी पुलिस के हेड कांस्टेबल वीरसिंह के घर से 25 लाख रुपये की नगद राशि बरामद की गई है।
दिल्ली के कीर्तिनगर थाना पुलिस ने रविवार दोपहर को इस दबिश के दौरान यह रकम जब्त की। बताया जा रहा है कि दिल्ली में कुछ दिन पहले एक बड़ी लूट हुई थी, जिसमें यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने इस कार्रवाई में एक आरोपी सोहनवीर को गिरफ्तार किया, जो वीरसिंह का समधी है। आरोपी की निशानदेही पर ही पुलिस ने यह रकम बरामद की। फिलहाल दिल्ली पुलिस पूरी राशि अपने साथ ले गई है और मामले की जांच जारी है।

जानकारी के मुताबिक, वीरसिंह का घर मेरठ के जानी कस्बे में है, जबकि वह वर्तमान में शामली जिले में ट्रैफिक पुलिस में तैनात है। दिल्ली पुलिस की टीम जब वीरसिंह के घर पहुंची, तो उसने पुलिस को चकमा देकर भागने में कामयाबी हासिल कर ली। दबिश के दौरान 25 लाख रुपये की यह राशि दो बैग में भरकर अलमारी में छिपाई गई थी।

दिल्ली के कीर्तिनगर इलाके में हाल ही में हुई लूटपाट के मामले में पुलिस को इन पैसों का सुराग मिला। कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, बरामद रकम 28 लाख रुपये से भी अधिक हो सकती है, लेकिन फिलहाल आधिकारिक तौर पर 25 लाख रुपये की पुष्टि की गई है।

एसएसपी का बयान: मेरठ के एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा ने बताया कि दिल्ली के कीर्तिनगर इलाके में हाल ही में हुई एक बड़ी लूटपाट के मामले में यह रकम हेड कांस्टेबल वीरसिंह के घर से बरामद की गई है। मामले की जांच चल रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *