
Gyan Prakash Dubey
राजस्थान पुलिस ने मेरठ के दो सिपाहियों को किया गिरफ्तार, नकली SOG बना कर चला रहे थे किडनैपिंग गैंग
मेरठ के दो सिपाही राजस्थान में किडनैपिंग गैंग चलाने के आरोप में गिरफ्तार किए गए हैं। इन सिपाहियों ने मिलकर नकली SOG बनाई और राजस्थान में एक गैंग खड़ा किया। दोनों ने 23 अक्टूबर को झुंझुनू में एक रोडवेज बस को हाईजैक कर बुलंदशहर के एक कारोबारी, उसकी पत्नी और दो अन्य लोगों को अगवा कर लिया। इनकी योजना फिरौती वसूलने की थी, लेकिन बस में सवार एक यात्री ने पुलिस को सूचना दे दी, जिसके बाद बिसाऊ थाना पुलिस ने नाकाबंदी कर इन्हें धर दबोचा।
मेरठ एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सिपाही रिंकू सिंह और अमित कुमार को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। रिंकू सिंह, जो मेरठ के लोहियानगर थाने में तैनात है, कुख्यात अपराधी अनिल दुजाना का भांजा बताया जा रहा है। अनिल दुजाना, जो 2023 में STF के एनकाउंटर में मारा गया था, पर 1 लाख का इनाम भी था।
इस गैंग ने राजस्थान के चूरू से झुंझुनूं जा रही रोडवेज बस को हाईजैक करने का दुस्साहस किया, लेकिन राजस्थान पुलिस की मुस्तैदी के चलते पूरे गैंग को पकड़ लिया गया। पुलिस के अनुसार, रिंकू और अमित इस गैंग के मुख्य सरगना थे और इन्होंने अन्य सदस्यों को भी ट्रेनिंग दी थी। मेरठ पुलिस ने इस घटना के बाद दोनों सिपाहियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है, और संभावना है कि इन्हें जल्द ही उत्तर प्रदेश पुलिस से बर्खास्त कर दिया जाएगा।


