फैल रही ऐसी बीमारी जिसके होने पर लोग “पागलों की तरह करते हैं डांस”

Gyan Prakash Dubey

अफ्रीकी देश युगांडा में रहस्यमयी बीमारी ‘डिंगा-डिंगा’ का प्रकोप, मरीज पागलों की तरह करने लगते हैं डांस

नई दिल्ली: 20 दिसंबर 24.
अफ्रीकी देश युगांडा (Uganda) में एक अजीबोगरीब बीमारी ‘डिंगा-डिंगा’ (Dinga-Dinga) तेजी से फैल रही है। इस रहस्यमयी बीमारी से अब तक करीब 300 लोग संक्रमित हो चुके हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस बीमारी में मरीज अनियंत्रित तरीके से कांपने लगता है, जिससे ऐसा लगता है कि वह किसी पागल की तरह डांस कर रहा हो।

महिलाएं और लड़कियां हैं अधिक प्रभावित
युगांडा के बुंदीबुग्यो क्षेत्र में इस बीमारी के अधिक मामले सामने आए हैं। स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कियिता क्रिस्टोफर के अनुसार, ‘डिंगा-डिंगा’ बीमारी मुख्य रूप से महिलाओं और लड़कियों को प्रभावित कर रही है। मरीजों को बुखार के साथ अत्यधिक शरीर कांपने की शिकायत होती है, जिससे उनका चलना-फिरना भी मुश्किल हो जाता है।

इलाज और जांच प्रक्रिया जारी
फिलहाल डॉक्टर मरीजों का एंटीबायोटिक दवाओं से इलाज कर रहे हैं। डॉ. क्रिस्टोफर ने कहा कि अब तक किसी की मौत की सूचना नहीं है और मरीज आमतौर पर एक सप्ताह में ठीक हो जाते हैं। इस बीमारी की जड़ तक पहुंचने के लिए नमूने युगांडा के स्वास्थ्य मंत्रालय को भेजे गए हैं, लेकिन अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है।

ऐतिहासिक संदर्भ: ‘डांसिंग प्लेग’
ऐसी रहस्यमयी बीमारियां पहले भी सामने आ चुकी हैं। सन 1518 में फ्रांस के स्ट्रासबर्ग में ‘डांसिंग प्लेग’ नामक बीमारी फैली थी। इस बीमारी में लोग अनायास नाचने लगते थे और कई दिनों तक बिना रुके डांस करते थे। अत्यधिक थकावट के कारण कुछ मरीजों की जान भी चली गई थी।

कांगो में भी फैली रहस्यमयी बीमारी
दूसरी ओर, अफ्रीकी देश कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य (DRC) में भी एक रहस्यमयी बीमारी का प्रकोप देखा जा रहा है। यहां करीब 400 लोग बुखार, सिरदर्द, खांसी और शरीर में दर्द जैसी समस्याओं से पीड़ित हैं। स्थानीय प्रशासन इस बीमारी के प्रकोप को रोकने के प्रयास में जुटा हुआ है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *