हाईवोल्टेज ड्रामा: दो महिला सिपाहियों ने पुरुष सिपाही पर ठोका दावा

Gyan Prakash Dubey

पटना में हाईवोल्टेज ड्रामा: दो महिला सिपाहियों ने पुरुष सिपाही पर ठोका दावा

पटना 20 दिसम्बर 24.
पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र में शुक्रवार को अजीबोगरीब मामला सामने आया। गांधी मैदान के गेट नंबर 5 पर दो महिला सिपाहियों ने एक पुरुष सिपाही पर पत्नी और प्रेमिका होने का दावा कर हंगामा खड़ा कर दिया। घटना के दौरान वहां बड़ी संख्या में लोग जुट गए, जिससे माहौल मेले जैसा बन गया।

पुरुष सिपाही अपनी कथित प्रेमिका के साथ गांधी मैदान के पास घूम रहा था, तभी खुद को उसकी पत्नी बताने वाली महिला सिपाही वहां पहुंच गई। दोनों महिलाओं के बीच बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते बवाल में बदल गई। इस दौरान पुरुष सिपाही और उसकी कथित प्रेमिका मौके से फरार हो गए।

कथित पत्नी ने बताया कि वह पिछले सात साल से पुरुष सिपाही के साथ रिश्ते में थी। 2021 में अपने पहले पति से तलाक के बाद उसने मांग में सिंदूर भरकर लिव-इन में रहने का वादा किया। हालांकि, शादी की बात आते ही पुरुष सिपाही बहाने बनाने लगा। महिला सिपाही ने बताया कि वह उसकी बहन की शादी में भी शामिल हुई थी, लेकिन अब वह शादी से साफ मुकर गया है।

घटना के दौरान पुरुष सिपाही के साथ मिली दूसरी महिला सिपाही समस्तीपुर में पदस्थापित है। बताया जा रहा है कि पुरुष सिपाही का घर भी समस्तीपुर में है और वहीं दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं।

कथित पत्नी ने मामले की शिकायत पुलिस को की। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही पुरुष सिपाही और उसकी प्रेमिका वहां से भाग चुके थे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपों की पुष्टि के बाद उचित कार्रवाई की बात कही है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *