पत्नी को था रील्स बनाने का शौक: पति को यह अच्छा नहीं लगता था और उसके बाद एक दिन..

Gyan Prakash Dubey

रील्स की सनक बनी मौत की वजह: नवविवाहिता ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान

NGV PRAKASH NEWS | महोबा | 27 दिसंबर 2024

उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में एक नवविवाहिता ने सोशल मीडिया पर रील्स बनाने के शौक के चलते अपनी जान दे दी। घटना महोबा शहर कोतवाली क्षेत्र के जुखा इलाके की है, जहां 20 वर्षीय महिला ने घरेलू विवाद के बाद ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

शादी के 7 महीने बाद मातम में बदली खुशियां

मृतका जुलेखा की शादी सात महीने पहले कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र के लाड़पुर गांव निवासी शफीक से हुई थी। दोनों महोबा के जुखा इलाके में किराए के मकान में रहते थे। शफीक अंडे की ठेली लगाकर घर का खर्च चलाता था, जबकि जुलेखा को इंस्टाग्राम पर रील्स बनाने का शौक था।

रील्स ने बढ़ाई दूरियां, बनी विवाद की वजह

शफीक के अनुसार, शादी के बाद जुलेखा घर के कामकाज छोड़कर ज्यादातर समय सोशल मीडिया पर रील्स बनाने में व्यस्त रहती थी। इस बात को लेकर अक्सर दोनों के बीच विवाद होता था। घटना की रात भी ऐसा ही हुआ। शफीक काम से घर लौटा तो जुलेखा खाना बनाने के बजाय रील्स बना रही थी। इस पर शफीक ने उसे रील्स बनाने से मना किया, जिससे दोनों के बीच झगड़ा हो गया।

झगड़े के बाद दोनों रात को सोने चले गए, लेकिन आधी रात को जब शफीक की नींद खुली तो उसकी पत्नी घर में नहीं थी। शफीक ने रातभर पत्नी की तलाश की, लेकिन सुबह रेलवे ट्रैक पर उसका शव मिला।

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शहर कोतवाल अर्जुन सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *