सीएम सिटी में बाइक पर हाई टेंशन तार गिरने से दो बच्चियों समेत तीन जिंदा जल गए

जी.पी. दुबे
97210 711 75

गोरखपुर: हाईटेंशन तार गिरने से बड़ा हादसा, युवक और दो मासूम बच्चियों की दर्दनाक मौत

गोरखपुर, 29 दिसंबर 2024.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शहर गोरखपुर में रविवार की देर शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एम्स थाना क्षेत्र के सोनबरसा बाजार में 11,000 वोल्ट का हाईटेंशन तार टूटकर एक बाइक पर गिर गया। इस हादसे में बाइक सवार युवक और उसके साथ बैठी दो मासूम बच्चियों की मौके पर ही जलकर दर्दनाक मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तार गिरते ही धमाका हुआ और बाइक में आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि तीनों को बचाने का प्रयास नाकाम रहा। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने बिजली विभाग की लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान विशुनपुर खुर्द टोला धनहा निवासी 24 वर्षीय शिवराज निषाद, उनकी 2 वर्षीय बेटी और 9 वर्षीय भतीजी के रूप में हुई है। बताया गया कि हादसे के वक्त तीनों बाइक से कहीं जा रहे थे, तभी सोनबरसा नहर के पास यह हादसा हो गया।

मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान

घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डीएम और एसएसपी को तत्काल मौके पर पहुंचने और पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मृतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई के आदेश भी दिए।

पुलिस और प्रशासन पर आक्रोश

हादसे के बाद जब पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कोशिश की, तो आक्रोशित ग्रामीणों ने इसका विरोध किया। लोगों का आरोप था कि बिजली विभाग की घोर लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। ग्रामीणों ने मौके पर बिजली विभाग के अधिकारियों को बुलाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप

स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईटेंशन लाइन काफी समय से जर्जर अवस्था में थी, लेकिन बिजली विभाग ने इसे ठीक करने की कोई सुध नहीं ली। इसी लापरवाही का नतीजा है कि तीन बेकसूरों की जान चली गई।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ लापरवाही की जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने का आश्वासन दिया है।

इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है। लोगों का कहना है कि यह हादसा विभागीय लापरवाही का परिणाम है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

NGV PRAKASH NEWS की टीम इस घटना की पल-पल की जानकारी आप तक पहुंचाती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *