सेल्स मैन ही निकला शराब की दुकान का लुटेरा…….

Gyan Prakash Dubey

शराब दुकान लूट की झूठी सूचना देने वाला सेल्समैन गिरफ्तार, 1.66 लाख रुपये और सीसीटीवी उपकरण बरामद

बस्ती, 12 जनवरी 2026 —
थाना लालगंज क्षेत्र में शराब की दुकान में लूट की झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने वाला सेल्समैन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया गया है। थाना लालगंज, एसओजी, स्वाट और सर्विलांस टीम की जांच में खुलासा हुआ कि पूरी घटना लूट नहीं बल्कि सेल्समैन द्वारा की गई चोरी थी।

पुलिस के अनुसार 9 जनवरी की रात करीब 10 बजे शराब दुकान के मालिक श्याम कुमार ने सूचना दी थी कि ग्राम कड़सरी मिश्र स्थित देशी शराब और बीयर की दुकान से कुछ अज्ञात लोग तीन पेटी शराब और गल्ले में रखे नकद रुपये लूटकर ले गए हैं। इस सूचना पर थाना लालगंज में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को शक सेल्समैन धीरेन्द्र यादव पर हुआ। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने ही चोरी की योजना बनाई थी। आरोपी ने सीसीटीवी कैमरा और डीवीआर को नुकसान पहुंचाया, गल्ले में रखे चार-पांच दिनों की बिक्री के कुल 1 लाख 66 हजार 950 रुपये निकालकर दुकान के सामने सड़क किनारे बजरी-गिट्टी के ढेर में छिपा दिए और फिर मैनेजर को झूठी लूट की सूचना दे दी।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर छिपाए गए नकद रुपये और सीसीटीवी से संबंधित उपकरण बरामद कर लिए हैं। आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं जोड़ते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने वालों के खिलाफ सख्त संदेश गया है और इस तरह के मामलों में कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *