
सुहागरात पर गहने और कैश लेकर फरार हुई दुल्हन, ससुराल में मचा हड़कंप
14 फरवरी 25
गाजे-बाजे के साथ दूल्हा अपनी दुल्हन को ब्याह कर लाया, ससुराल में धूमधाम से उसका स्वागत हुआ। लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि दुल्हन के दिमाग में क्या चल रहा है। सुहागरात पर जब दूल्हा अपनी नई नवेली दुल्हन का इंतजार कर रहा था, तभी वह किसी बहाने अपनी ननद के कमरे में चली गई। थोड़ी देर बाद वह वापस लौटी, लेकिन अगली सुबह दुल्हन अपने कमरे में नहीं थी। घरवालों ने खोजबीन शुरू की, तब पता चला कि दुल्हन गहने और कैश समेटकर फरार हो चुकी है।
शादी के तीन दिन बाद ही हुई घटना
मामला उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के घुघली थाना क्षेत्र का है। यहां रामपुर बल्डीहा निवासी मनीष की शादी कोठीभार थाना क्षेत्र की एक युवती से 7 फरवरी को हुई थी। शादी के तीन दिन बाद, 10 फरवरी को दुल्हन ससुराल पहुंची। रात को सुहागरात थी, लेकिन इसी बीच दुल्हन बहाने से अपनी ननद के कमरे में चली गई। थोड़ी देर बाद वह लौट आई, लेकिन अगली सुबह जब दूल्हे ने उसे अपने कमरे में नहीं पाया, तो हड़कंप मच गया।
परिवार के लोग उसे हर जगह ढूंढने लगे, लेकिन वह कहीं नहीं मिली। जब घर का सामान चेक किया गया, तो पता चला कि दुल्हन गहने और नकदी लेकर फरार हो गई है। यही नहीं, वह अपनी ननद के गहने भी लेकर भागी है।
दुल्हन के मायके वालों पर भी शक
घटना के बाद दूल्हा पक्ष ने दुल्हन के मायके में फोन किया, लेकिन वहां से भी कोई जानकारी नहीं मिली। दूल्हे ने दुल्हन के परिवार पर भी इस साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है। पीड़ित पति ने घुघली थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस मामले पर महराजगंज के अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। दुल्हन की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।
NGV PRAKASH NEWS

