व्हाट्सएप में बना रखा था पूरा रेड लाइट एरिया

भोपाल में देह व्यापार गिरोह का पर्दाफाश, 18 आरोपी गिरफ्तार

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 18 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। आरोपियों द्वारा लड़कियों की व्यवस्था की जाती थी, जिसके लिए 20-30 हजार रुपए तक चार्ज किया जाता था और इसमें उन्हें कमीशन भी मिलता था।

यह पूरा मामला अशोका गार्डन थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां पुलिस ने 26 देह व्यापार दलालों की पहचान की है, जिनमें से 18 को गिरफ्तार कर लिया गया है।

वॉट्सऐप के जरिए होती थी डीलिंग

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी वॉट्सऐप के जरिए पूरी डीलिंग करते थे। ग्राहक को लड़कियों की फोटो भेजी जाती थी, जिसमें से वह अपनी पसंद के अनुसार चुनाव करता था। इसके बाद दलाल लड़कियों को ग्राहक के पते तक पहुंचाने और वापस लाने की व्यवस्था करते थे।

कई राज्यों की लड़कियों की तस्वीर बरामद

आरोपियों के फोन से हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और मध्यप्रदेश के अलग-अलग जिलों की 200-250 लड़कियों की तस्वीरें बरामद की गई हैं। गिरोह के सरगना के रूप में आशुतोष वाजपेयी और महक यादव के नाम सामने आए हैं, जो पहले से ही भोपाल की जेल में बंद हैं। पुलिस ने इन्हें 26 जनवरी को गिरफ्तार किया था।

हर 10 दिन में बदलता था ठिकाना

गिरोह का नेटवर्क ऐसा था कि बाहर से लाई गई लड़कियों को 10 दिन से ज्यादा एक शहर में नहीं रखा जाता था। जहां-जहां लड़कियां जाती थीं, वहां उनके साथ गिरोह के गुर्गे भी मौजूद रहते थे। लड़कियां मोबाइल फोन के जरिए दलालों के संपर्क में रहती थीं और ये दलाल शहर के विभिन्न इलाकों में फैले रहते थे। गिरोह हाई-प्रोफाइल ग्राहकों को टारगेट करता था और पूरा सौदा दलालों के जरिए ही होता था।

रिमांड पर भेजे गए तीन आरोपी

पुलिस ने गुरुवार को आरोपी निधि, मकबूल और अर्जुन पटेल को कोर्ट में पेश किया, जिसके बाद उन्हें 18 फरवरी तक की रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस बाकी आरोपियों से नेटवर्क से जुड़ी और जानकारी निकालने में जुटी है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *