NGV PRAKASH NEWS

दूसरी शादी के विवाद में मेडिकल स्टोर संचालक ने आशा वर्कर पत्नी की कैंची घोंपकर हत्या, बच्चों के सामने हुई वारदात
संभल, 16 मार्च 2026.
उत्तर प्रदेश के संभल जिले में पारिवारिक विवाद ने एक भयावह मोड़ ले लिया, जब मेडिकल स्टोर संचालक ने दूसरी शादी में बाधक बन रही अपनी पत्नी की बच्चों के सामने ही कैंची घोंपकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद को भी घायल कर आत्महत्या का प्रयास किया, जिसे पड़ोसियों ने समय रहते रोक लिया। पुलिस ने आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अमरोहा जिले के आलमपुर गांव निवासी नफीस का निकाह करीब 15 वर्ष पहले बदायूं जिले के उगैती निवासी नजमा के साथ हुआ था। दोनों के चार बच्चे हैं। करीब चार वर्ष पहले दंपति संभल जिले के हयातनगर थाना क्षेत्र के सरायतरीन कस्बे में किराए के मकान में रहने लगे थे। नफीस ने घर के पास ही मेडिकल स्टोर की दुकान खोल रखी थी, जबकि नजमा आशा वर्कर के रूप में काम कर रही थी।
यह भी पढ़ें…….
बताया जा रहा है कि पिछले दो वर्षों से नफीस का अपनी ही मामी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस संबंध को लेकर पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद होता रहा। नफीस अपनी मामी से निकाह करना चाहता था और इसके लिए वह अपनी पत्नी नजमा पर तलाक देने का दबाव बना रहा था, लेकिन नजमा इसके लिए तैयार नहीं थी। इसी विवाद के चलते दोनों के रिश्तों में दरार बढ़ती चली गई।
स्थिति इतनी बिगड़ गई कि नजमा अपने चार बच्चों के साथ संभल सदर कोतवाली क्षेत्र के मंडी किशन दास सराय में किराए के मकान में रहने लगी और आशा वर्कर की नौकरी करने लगी। वहीं नफीस लगातार उसे तलाक देने के लिए दबाव बनाता रहा।
रविवार रात करीब 11 बजे नफीस नजमा के घर पहुंचा। बताया जाता है कि उस समय नजमा रोजा इफ्तार के बाद घर पर मौजूद थी। दोनों के बीच पहले से चल रहे विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठी। आरोप है कि इसी दौरान नफीस ने बच्चों के सामने ही कैंची से नजमा पर हमला कर दिया और बेरहमी से उसकी हत्या कर दी।
घटना के बाद आरोपी ने खुद को भी कैंची मारकर जान देने की कोशिश की। घर में शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने किसी तरह उसे आत्महत्या करने से रोक लिया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर सदर कोतवाली प्रभारी गजेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल नफीस को तत्काल संभल जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं मृतका नजमा के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त कैंची भी बरामद कर ली है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच पिछले करीब दो वर्षों से विवाद चल रहा था। नजमा अपने पति के साथ रहना चाहती थी, लेकिन नफीस अपनी मामी से निकाह करने की जिद पर अड़ा हुआ था और पत्नी को साथ रखने से इनकार कर रहा था।
सदर कोतवाली प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि नफीस द्वारा अपनी पत्नी नजमा की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपी की हालत सामान्य होने के बाद उससे पूछताछ करेगी और साथ ही मामले में उसकी मामी से भी पूछताछ की जाएगी।
NGV PRAKASH NEWS
