शोर सुनकर जैसे ही महिला ने दरवाजा खोला: देखते ही गिर पड़ी

मिर्जापुर: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में 27 साल से गायब व्यक्ति के घर लौटने से परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई। प्रयागराज महाकुंभ स्नान के बाद घर और मां की याद ने अमरनाथ गुप्ता को अपने गांव जमालपुर लौटने पर मजबूर कर दिया। मामला चुनार तहसील के जमालपुर का है, जहां के अमरनाथ गुप्ता 1998 में संन्यास का भाव आने पर घरवालों को बिना बताए वृंदावन चले गए थे।

परिजनों ने उन्हें खूब तलाशा, लेकिन कहीं पता नहीं चला। धीरे-धीरे परिजनों ने उन्हें मृत मान लिया था। मगर 15 फरवरी 2025 को अचानक अमरनाथ गुप्ता वापस घर लौट आए। उनकी पत्नी चंद्रावती ने जब उन्हें देखा तो अवाक रह गईं। पूरा घर हैरान था, लेकिन उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

संन्यासी जीवन अपनाकर उन्होंने अपना नाम अमरनाथ बाबा रख लिया था। वृंदावन जाने के बाद उन्होंने पूरे भारत में तीर्थों का भ्रमण किया, चारों धाम की यात्रा की। जब उनसे पूछा गया कि घर की याद कैसे आई तो अमरनाथ गुप्ता ने बताया, “13 जनवरी को प्रयागराज महाकुंभ में स्नान किया। वहां अचानक घर और मां की याद आई, तो सोचा उनके दर्शन कर लूं, इसलिए घर लौट आया।”

अमरनाथ गुप्ता ने बताया, “27 साल से बाहर हूं। वृंदावन गया, चारों धाम किया, तीर्थाटन किया। महाकुंभ में आया था, मां की याद आई तो वापस आ गया। सभी तो नहीं, लेकिन घर के कुछ लोग पहचान गए थे। साधु बन गया हूं, आगे का जीवन भी इसी तरह व्यतीत करूंगा। राम मंदिर में कार सेवा की है, उसके लिए जेल भी गया था। राम मंदिर बना तो बहुत अच्छा लगा।”

घर छोड़ने की वजह का खुलासा करते हुए अमरनाथ ने कहा, “मेरी आर्थिक स्थिति और शारीरिक स्वास्थ्य ठीक नहीं था। घबराहट हुई तो मन में भजन का ख्याल आया और वृंदावन चला गया। कुरुक्षेत्र और राजस्थान में भी रहा, वहीं दीक्षा ली। महाकुंभ में लगा कि माता-पिता से एक बार मिल लूं। घर आया तो पता चला कि पिता जी का स्वर्गवास हो गया है। माताजी के दर्शन हुए। घर लौटने की इच्छा को बार-बार दबा देता था, लेकिन प्रयागराज में आत्मा से आवाज आई और घर आ गया।”

पत्नी चंद्रावती ने कहा, “बच्चे जब छोटे थे, तभी से वह पहाड़ी पर पूजा-भजन की बात करते थे। दो लड़कों की शादी हो चुकी थी, दो लड़कियों की शादी रह गई थी। मुझे कोई खर्चा नहीं देता था। मैंने भीख मांगी, भाई-बहन से मदद मांगी। हमें बहुत खुशी हो रही है। भोले बाबा से हमेशा उनके लिए प्राथना करती थी। उन्होंने ही मेरे पति को वापस भेजा है।”

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *