
मुंबई: अलीबाग के पास समुद्र में नाव में लगी भीषण आग, सभी 18 नाविक सुरक्षित
मुंबई, 28 फरवरी 2025।
मुंबई से सटे अलीबाग के पास समुद्र में आज सुबह एक मछली पकड़ने वाली नाव में भीषण आग लग गई। इस आग में नाव का 80 प्रतिशत हिस्सा जलकर खाक हो गया, साथ ही नाव में रखा मछली पकड़ने का जाल भी जल गया। हादसे के वक्त नाव पर 18 से 20 नाविक सवार थे, लेकिन राहत की बात यह रही कि सभी लोग सुरक्षित बचा लिए गए।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग!
बताया जा रहा है कि यह नाव साखर गांव के राकेश मारुति गण की थी। फिलहाल आग लगने की असली वजह साफ नहीं हो पाई है, लेकिन प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को कारण माना जा रहा है। जैसे ही आग लगी, स्थानीय लोगों की मदद से नाव को किनारे लाने की कोशिश की गई और आग बुझाने का काम शुरू हुआ।
आग में जलकर खाक हुई नाव
इस घटना के कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें समुद्र के बीचों-बीच आग की लपटों से घिरी नाव से धुएं का बड़ा गुबार उठता नजर आ रहा है। वीडियो देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि आग कितनी भयावह थी।
रायगढ़ एसपी की जानकारी
रायगढ़ जिले के एसपी ने बताया कि अलीबाग के समुद्र तट से करीब 6-7 समुद्री मील दूर सुबह 3 से 4 बजे के बीच यह हादसा हुआ। इंडियन कोस्ट गार्ड और भारतीय नौसेना ने समय रहते नाव पर सवार सभी 18 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया। घटना से जुड़ा एक वीडियो न्यूज एजेंसी एएनआई ने भी शेयर किया है, जिसमें देखा जा सकता है कि जल चुकी नाव समुद्र में एक ओर झुकी हुई है।
NGV PRAKASH NEWS
( फोटो एनडीटीवी इंडिया के सौजन्य से )

