शादियों का शौकीन सिपाही… अब जाकर..

कौशांबी में तैनात सिपाही की धोखाधड़ी, दूसरी शादी का खुलासा होने पर पत्नी ने दर्ज कराया मुकदमा

आगरा, 10 मार्च 2025
कौशांबी में तैनात एक सिपाही द्वारा पत्नी को धोखा देने और गुपचुप दूसरी शादी करने का मामला सामने आया है। पहली पत्नी को जब इस बारे में पता चला तो उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता सुमन सिंह, निवासी नारायण विहार, टेढ़ी बगिया ने मनसुखपुरा के करकौली गांव निवासी यशपाल सिंह, उसकी मां भूरी देवी, भाई जगजीवन, सोनपाल और कुलदीप के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

ऐसे शुरू हुई प्रेम कहानी

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2021 में उसकी मुलाकात सुल्तानगंज की पुलिया स्थित एक अस्पताल में यशपाल सिंह से हुई थी। दोस्ती के बाद यशपाल ने उसे प्रेमजाल में फंसा लिया और 10 फरवरी 2021 को प्रयागराज स्थित आर्यसमाज मंदिर में शादी कर ली। शादी के बाद दो महीने तक वह ससुराल में रही, लेकिन फिर यशपाल ड्यूटी पर कौशांबी चला गया।

ससुराल में प्रताड़ना और दहेज की मांग

पति के जाने के बाद ससुरालवालों ने उसे भूखा-प्यासा रखा और दहेज की मांग करने लगे। जब पति छुट्टी पर आया, तो उसने अपनी आपबीती सुनाई। इसके बाद यशपाल उसे कौशांबी ले गया और किराए के मकान में रखने लगा।

दूसरी शादी का खुलासा और धोखाधड़ी

17 फरवरी 2022 को पीड़िता ने एक बेटी को जन्म दिया। लेकिन इसके बाद पति ने भी दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। सितंबर 2024 में यशपाल गांव जाने की बात कहकर घर से निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। जब पत्नी ने पुलिस लाइन जाकर जानकारी ली, तो पता चला कि वह पांच दिन की छुट्टी लेकर दूसरी पत्नी के साथ दिल्ली गया है। यह सुनते ही पीड़िता के होश उड़ गए।

समझौता करने के बाद भी नहीं सुधरा सिपाही

जब पीड़िता ने अधिकारियों से शिकायत की, तो पुलिस की मौजूदगी में समझौता कराया गया। यशपाल ने वेतन का 60 प्रतिशत हिस्सा देने और साथ रखने का वादा किया, लेकिन कुछ दिन बाद ही वह समझौते से पलट गया।

पुलिस की जांच जारी

मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस सबूत इकट्ठा कर रही है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *