रील बनाने वाली महिला कांस्टेबल ड्रग तस्करी में लिप्त,अब हुई..

नशा तस्करी में गिरफ्तार महिला कांस्टेबल अमनदीप कौर को नौकरी से बर्खास्त किया गया

बठिंडा, 4 अप्रैल 2025

बठिंडा पुलिस ने 17.71 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार सीनियर कांस्टेबल अमनदीप कौर को डीजीपी गौरव यादव के आदेश पर गुरुवार को नौकरी से बर्खास्त कर दिया।

इंस्टाग्राम पर ‘इंस्टा क्वीन’ के नाम से मशहूर अमनदीप कौर, बठिंडा के गांव चक फतेह सिंह वाला की निवासी है। उसकी 14 साल की पुलिस सेवा शुरू से ही विवादों से भरी रही। 26 नवंबर 2011 को बठिंडा पुलिस लाइन में भर्ती होने के बाद से ही उसके तबादले और तैनातियां चर्चा का विषय रही हैं। इन 14 वर्षों में उसके 31 तबादले हो चुके हैं।

मनमर्जी से तबादले और अनुशासनहीनता

सूत्रों के अनुसार, अमनदीप कौर अपनी पसंद के स्थानों पर ही ड्यूटी करना चाहती थी और अपनी इच्छा के अनुसार तबादले करवा लेती थी। नौकरी के दौरान वह ज्यादातर मालवा इलाके में ही तैनात रही। अनुशासनहीनता के चलते उसे दो बार निलंबित भी किया गया, लेकिन इससे उसके रवैये में कोई बदलाव नहीं आया।

गिरफ्तारी और पुलिस जांच

बुधवार देर शाम बादल रोड स्थित ओवरब्रिज के पास पुलिस टीम ने उसे 17.71 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के समय वह अपनी थार कार में सवार थी। गुरुवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने तीन दिन के रिमांड की मांग की थी, क्योंकि पूछताछ में उससे बड़ी मात्रा में हेरोइन बरामद होने की उम्मीद है।

डोप टेस्ट और संपत्ति की जांच

गिरफ्तारी के बाद अमनदीप कौर का डोप टेस्ट किया गया, जिसकी रिपोर्ट निगेटिव आई। हालांकि, पुलिस जांच में यह भी देखा जाएगा कि उसने मादक पदार्थों की तस्करी से कितनी संपत्ति अर्जित की है।

सरकार का सख्त रुख

अमनदीप कौर की बर्खास्तगी की पुष्टि करते हुए आईजी हेडक्वार्टर डॉ. सुखचैन सिंह गिल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के स्पष्ट निर्देश हैं कि किसी भी नशा तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा। इन निर्देशों के तहत अमनदीप कौर के खिलाफ यह कड़ी कार्रवाई की गई है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *