धमाके से हिल गया पूरा इलाका: 8 की हो गई मौके पर ही मृत्यु


आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ली जिले में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 8 मजदूरों की मौत
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने जताया दुख, घायलों को सर्वोत्तम इलाज देने के निर्देश

नई दिल्ली, 13 अप्रैल 2025।
आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ली जिले के कोटावुराटला क्षेत्र में शनिवार को एक पटाखा निर्माण इकाई में हुए जोरदार विस्फोट में कम से कम 8 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई।

अनाकापल्ली के पुलिस अधीक्षक तुहिन सिन्हा ने हादसे की पुष्टि की और बताया कि घटना के पीछे के कारणों की जांच जारी है। विस्फोट के समय फैक्ट्री में कई मजदूर कार्यरत थे।

मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने फोन पर जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और राज्य की गृह मंत्री अनिता से बात कर पूरी जानकारी ली और घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा देने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पीड़ितों के परिवारों की हर संभव मदद करेगी। साथ ही अधिकारियों को घटना की गहन जांच कर रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है। अधिकारियों के अनुसार, घायल हुए श्रमिकों में से दो की हालत गंभीर बनी हुई है।

इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रशासन राहत व बचाव कार्य में जुटा हुआ है और घटना की विस्तृत जांच की जा रही है।

👉 प्रारंभिक मिली जानकारी के अनुसार..
NGV PRAKASH NEWS


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *