
बस्ती: एक ही रात में तीन घरों में चोरी, नकदी-ज्वेलरी और बर्तन ले उड़े चोर
महुवारी गांव और नरोत्तमपुर में दहशत का माहौल, पीड़ितों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
बस्ती, 21 अप्रैल 2025।
👉 लालगंज थानाध्यक्ष रहते हुए अपनी कार्यशैली को लेकर काफी चर्चित रहे और लोगों की उम्मीदों के विपरीत कप्तानगंज थाने की कमान पाने वाले सुनील गौड़ के सामने जहां कई खुलासे करने की चुनौतियां हैं, वहीं अब चोरों ने भी कई घरों को निशाना बनाते हुए उन्हें चैलेंज दिया है…
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के महुवारी गांव में बीती रात चोरों ने कहर बरपा दिया। एक नहीं, तीन-तीन घरों को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने नकदी, जेवर और घरेलू सामान पार कर दिया। इलाके में दहशत फैल गई है और ग्रामीणों में आक्रोश भी देखा जा रहा है।
महुवारी गांव के रहने वाले दिगन्त कुमार पुत्र छोटे लाल ने बताया कि वे परिवार सहित गेहूं की मड़ाई के लिए घर से बाहर गए थे। रात लगभग 1:05 बजे जब वे लौटे तो घर का नज़ारा देखकर हैरान रह गए। सारा सामान तितर-बितर पड़ा था और चोर अलमारी से गले की चेन, कान की बाली, तीन जोड़ी पायल, एक अंगूठी और ₹2,000 नकद लेकर फरार हो चुके थे।
इसी रात पास के नरोत्तमपुर गांव में भी चोरों ने दस्तक दी। यहां राम कुबेर उपाध्याय के घर से ₹15,300 नकद और सोने की बाली चोरी हो गई, जबकि राम सुरेश चौधरी के घर से चोर पांच कीमती बर्तन उठा ले गए।
पीड़ितों ने तत्काल थाना कप्तानगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई और चोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है, लेकिन अब तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही चोरियों से गांव में असुरक्षा का माहौल बन गया है। लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
NGV PRAKASH NEWS

