
शादी के बाद पराई मोहब्बत और फिर कत्ल: देवरिया में मेरठ जैसी खौफनाक वारदात, पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या कर शव सूटकेस में भरकर फेंका
देवरिया/NGV PRAKASH NEWS —
समाज में रिश्तों की पवित्रता पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। शादी के बाद भी पराई मोहब्बत में पड़ जाना जैसे आम होता जा रहा है। मेरठ के सौरभ हत्याकांड के बाद अब उत्तर प्रदेश के देवरिया से एक ऐसी ही दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है।
मेरठ के बाद देवरिया में भी नीले ड्रम जैसी खौफनाक घटना
मेरठ में पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर शव को नीले ड्रम में भर दिया था। देश इस खौफनाक वारदात को भूल भी नहीं पाया था कि देवरिया में भी ऐसा ही सनसनीखेज मामला सामने आ गया। यहां पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की और शव को सूटकेस में भरकर खेत में फेंक दिया।
55 किमी दूर फेंका गया शव, ट्रॉली बैग से हुआ खुलासा
घटना रविवार सुबह तरकुलवा क्षेत्र की है। एक किसान जब गेहूं की फसल कटवाने के लिए खेत में गया, तो उसे बगल के खेत में पड़ा ट्रॉली बैग दिखा। शक होने पर पुलिस को सूचना दी गई। जब पुलिस ने बैग खोला तो उसके अंदर शव देखकर पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
शव की पहचान नौशाद अहमद (38 वर्ष), निवासी भटौली गांव, थाना मईल, के रूप में हुई। दिलचस्प बात यह रही कि शव उसी ट्रॉली बैग में मिला, जिसे नौशाद दुबई से लेकर आया था। बैग पर लगे एयरपोर्ट बार कोड से उसकी पहचान हो गई।
पत्नी और भांजे ने मिलकर की हत्या
पुलिस जब नौशाद के घर पहुंची, तो पत्नी राजिया ने पहले पति के लापता होने की कहानी सुनाई और खूब रोई। लेकिन जब पुलिस ने घर की तलाशी ली, तो वहां खून के निशान मिले और राजिया की साजिश का पर्दाफाश हो गया। पूछताछ में राजिया ने कबूल किया कि उसके अपने भांजे रुमान के साथ अवैध संबंध थे, और पति उनके बीच रुकावट बन रहा था। इसलिए दोनों ने मिलकर नौशाद की हत्या कर दी।
फरार है आरोपी प्रेमी, जांच जारी
आरोपी रुमान फिलहाल फरार है। नौशाद हाल ही में दुबई से लौटा था, जहां वह एक ड्राइवर के रूप में काम करता था। एएसपी अरविंद वर्मा ने बताया कि हत्या का कारण अवैध संबंधों में बाधा बनना सामने आया है। घटना की जांच के लिए एसओजी, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम को लगाया गया है।
समाज में रिश्तों की गिरती हुई हालत और एक के बाद एक ऐसी घटनाएं यह सोचने पर मजबूर कर रही हैं कि हम किस दिशा में जा रहे हैं।
NGV PRAKASH NEWS

