
नई नवेली दुल्हन की हत्या, बड़े भाई पर भी किया जानलेवा हमला
गोरखपुर | 28 अप्रैल 2025 | NGV PRAKASH NEWS
गोरखपुर जिले के गुलरिहा थाना क्षेत्र के नरायनपुर गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। महज कुछ दिन पहले शादी के बंधन में बंधे एक युवक ने अपनी नई नवेली दुल्हन की गला दबाकर हत्या कर दी। यही नहीं, युवक ने अपने सगे बड़े भाई पर भी जानलेवा हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार, हीरागंज निवासी सतीश चौहान की शादी 13 अप्रैल को महराजगंज जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के रसूलपुर टोला पिपरा निवासी सरोज से हुई थी। 21 अप्रैल को सरोज ससुराल से अपने मायके गई थी और उसी रात विदाई कराकर सतीश उसे वापस अपने घर ले आया। अगले दिन पूरे परिवार ने बहू के स्वागत की रस्में निभाईं और रात में हंसी-खुशी साथ बैठकर भोजन किया।
रात के अंधेरे में जब सब सो गए, तभी सतीश ने अपनी पत्नी सरोज का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी पूरी रात मृतका के शव के साथ कमरे में ही रहा। सुबह होते ही उसने अपने बड़े भाई अतीश पर भी जानलेवा हमला कर दिया और फिर मौके से फरार हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और घायल अतीश को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सतीश को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रारंभिक जांच और पूछताछ में सतीश ने पुलिस को बताया कि उसे शक था कि उसकी पत्नी सरोज और बड़े भाई अतीश के बीच अवैध संबंध थे। उसने दावा किया कि एक दिन पहले उसने अपने भाई को अंडरवियर में देख लिया था, जिसके बाद से उसके मन में शक गहराता चला गया। इसी शक ने उसे यह खौफनाक कदम उठाने पर मजबूर कर दिया।
बताया जा रहा है कि घायल अतीश की हालत अब खतरे से बाहर है।
पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
(NGV PRAKASH NEWS)

