मोटर साइकिल नें ले ली 12 लोगों की जान


मंदसौर, 27 अप्रैल 2025।
जिले के नारायणगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक तेज रफ्तार इको कार अनियंत्रित होकर खुले कुएं में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

पुलिस के अनुसार हादसा बूढ़ा-टकरावत फंटे के पास हुआ। कार में लगभग 14 लोग सवार थे, जो उज्जैन से नीमच के आंतरी माता मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। तेज रफ्तार के चलते कार पहले एक बाइक सवार से टकराई, जिससे बाइक चला रहे गोबर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद अनियंत्रित कार पास के खुले कुएं में जा गिरी।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। सांजीत गांव के निवासी मनोहर सिंह ने भी कुएं में उतरकर लोगों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन जहरीली गैस के प्रभाव से उनकी भी मौत हो गई। राहत दल ने क्रेन की सहायता से कार को कुएं से बाहर निकाला।

उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और 12 लोगों की मौत की पुष्टि की। मृतकों में मनोहर सिंह, गोबर सिंह, कन्हैयालाल कीर, नागू सिंह, पवन कीर, धर्मेंद्र सिंह, आशा बाई, मधु बाई, मांगू बाई और राम कुंवर शामिल हैं, जो सभी रतलाम जिले के निवासी थे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। साथ ही, गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपये और सामान्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है और घटना की विस्तृत जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और अचानक बाइक के सामने आ जाने को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है।

(NGV PRAKASH NEWS)


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *