
अमेठी, 04 मई 2025
उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले से एक दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जामो थाना क्षेत्र के बलभद्रपुर गांव में शादी की खुशियों के बीच ऐसा मातम छा गया जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। यहां तंदूरी रोटी को पहले लेने के मामूली विवाद ने देखते ही देखते दो युवाओं की जान ले ली।
शनिवार शाम बलभद्रपुर गांव में रामजियावन वर्मा की बेटी की शादी थी। बारात धूमधाम से आई और सभी रस्में शांतिपूर्वक पूरी हो रही थीं। माहौल खुशियों से भरा हुआ था, लेकिन जब भोज में तंदूरी रोटी परोसी जाने लगी तो 18 वर्षीय रवि कुमार उर्फ कल्लू और 17 वर्षीय आशीष कुमार के बीच रोटी को पहले लेने को लेकर कहा-सुनी शुरू हो गई। यह मामूली तकरार इतनी तेजी से हिंसक हो गई कि दोनों ने लाठी-डंडे उठा लिए और एक-दूसरे पर टूट पड़े।
हिंसक झगड़े में आशीष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल रवि को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया। इस हृदयविदारक हादसे की खबर लगते ही शादी का घर मातम में बदल गया। जहां कुछ देर पहले शहनाइयों की गूंज थी, वहां अब रोने-चीखने की आवाजें उठने लगीं।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गौरीगंज सर्किल के सीओ अखिलेश वर्मा ने बताया कि शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि बारात के दौरान तकरार हुई थी, जिसके बाद यह दुखद घटना घटी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और तहरीर व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
NGV PRAKASH NEWS

