Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

टावर पर चढ़ी महिला से वाल्टरगंज क्षेत्र में हड़कंप, घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा
बस्ती, 12 मई 2026.
बस्ती जिले के वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के पाड़िया चौराहे के पास मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक महिला बुर्का पहनकर मोबाइल टावर के ऊपरी हिस्से पर चढ़ गई। महिला को टावर की ऊंचाई पर देख स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वाल्टरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर लोगों को दूर रहने की अपील की गई।
बस्ती -बांसी मार्ग स्थित पड़िया चौराहे पर सुबह करीब 11:30 बजे हुई इस घटना ने देखते ही देखते हाईवोल्टेज ड्रामे का रूप ले लिया। टॉवर पर बुर्का पहने किशोरी को देखकर आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई।
सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। थानाध्यक्ष वाल्टरगंज सूर्य प्रकाश सिंह, सीओ सिटी सत्येंद्र भूषण तिवारी, एडिशनल एसपी श्याम कांत, एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान, एसडीएम रुधौली मनोज प्रकाश, एसडीएम सदर, महिला थानाध्यक्ष डॉ. शालिनी सिंह, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव अभियान शुरू किया।
एसडीआरएफ टीम ने सुरक्षा के लिहाज से टॉवर के चारों ओर जाल लगाकर घेरा बना दिया, ताकि किसी अनहोनी की स्थिति से बचा जा सके।घटना की जानकारी सोशल मीडिया और स्थानीय लोगों के माध्यम से किशोरी के परिजनों तक पहुंची। मौके पर पहुंचे किशोरी के पिता रहमत अली निवासी ग्राम मझौंआ कला प्रथम थाना रुधौली ने बताया कि उनकी 18 वर्षीय पुत्री नाजिया बेगम अपने प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ी हुई थी।
परिवार के विरोध से नाराज होकर वह घर से निकल गई और आकर मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई।प्रशासनिक अधिकारी लगातार किशोरी को समझाने और सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास करते रहे। लड़की के मोबाइल पर उसके पिता, पुलिस अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा लगातार बातचीत की जाती रही। माइक के जरिए भी उसे नीचे उतरने के लिए मनाया गया, लेकिन किशोरी अपनी जिद पर अड़ी रही।
बताया जा रहा है कि वह अपने प्रेमी मेहताब आलम निवासी बेलहर कला, संतकबीरनगर को मौके पर बुलाने की मांग कर रही थी और उससे मुलाकात के बाद ही नीचे उतरने की बात कह रही थी।करीब पांच घंटे बीत जाने के बाद भी किशोरी टॉवर से नीचे नहीं उतरी थी, जिससे प्रशासनिक अधिकारियों की चिंता लगातार बढ़ती रही। घटना को देखने के लिए क्षेत्र में हजारों लोगों की भीड़ जमा रही और पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना रहा |
NGV PRAKASH NEWS
