
हाथरस: पहले कटे 1800 रुपये, फिर खाते में आ गए अरबों रुपये; किसान के उड़े होश
हाथरस, 4 मई 2025।
यूपी के हाथरस से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। सादाबाद तहसील क्षेत्र के नगला दुर्जिया गांव निवासी एक किसान के खाते में अचानक 10 नील, 1 खरब, 35 अरब, 60 करोड़, 13 लाख, 95 हजार रुपये से अधिक की रकम आ गई। इतनी बड़ी रकम देख किसान के होश उड़ गए। हैरानी की बात यह है कि एक दिन पहले ही उसके खाते से 1800 रुपये कट गए थे, जिससे वह परेशान था। अगले ही दिन खाते में अरबों रुपये देखकर वह घबरा गया और आनन-फानन में पुलिस को इसकी सूचना दी।
गांव नगला दुर्जिया मिढ़ावली निवासी महेंद्र सिंह के बेटे अजीत सिंह पेशे से किसान हैं। अजीत सिंह ने बताया कि 24 अप्रैल को उनके एयरटेल पेमेंट बैंक खाते से 1800 रुपये कट गए थे। किसी अज्ञात व्यक्ति ने यह रकम निकाल ली थी। लेकिन अगले दिन 25 अप्रैल को जब उन्होंने दोबारा बैलेंस चेक किया तो पाया कि उनके खाते में अरबों रुपये शो हो रहे हैं। अजीत ने इसकी सूचना मई पुलिस चौकी और सादाबाद कोतवाली को दी। उन्होंने आशंका जताई कि किसी साइबर अपराधी ने उन्हें फंसाने की कोशिश की है।
अजीत ने एयरटेल पेमेंट बैंक के कस्टमर केयर पर भी शिकायत दर्ज करवाई, जिसके बाद उनके खाते को फ्रीज कर दिया गया। साइबर सेल में भी उन्होंने ऑनलाइन शिकायत की है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह मामला किसी तकनीकी गड़बड़ी का है या साइबर ठगी का। पुलिस और बैंक मिलकर जांच में जुटे हैं। एयरटेल पेमेंट बैंक ने प्रारंभिक तौर पर इसे तकनीकी समस्या बताया है, और कहा है कि इस मामले की जांच की जा रही है ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या न हो।
यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है और जिसने भी यह खबर सुनी, वह दंग रह गया।
NGV PRAKASH NEWS

