
वेस्टर्न टॉयलेट की सीट फटने से युवक घायल, मिथेन गैस विस्फोट की आशंका
ग्रेटर नोएडा, 5 अप्रैल 2025।
यूपी के ग्रेटर नोएडा में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां वेस्टर्न टॉयलेट की सीट फटने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र के सेक्टर-36 स्थित मकान नंबर C-364 में हुआ। घायल युवक आशू नागर (20) को तुरंत जिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
परिवार का कहना है कि यह हादसा मीथेन गैस के विस्फोट के कारण हुआ। हालांकि, पुलिस ने अभी ऐसी किसी संभावना की पुष्टि नहीं की है। घटना शनिवार दोपहर करीब 3 बजे की है जब आशू शौच के बाद फ्लश कर रहा था। उसी दौरान टॉयलेट सीट धमाके के साथ फट गई और आग लग गई। विस्फोट में आशू का चेहरा, हाथ, पैर और निजी अंग बुरी तरह झुलस गए। धमाके की आवाज सुनकर परिवार वाले मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग से निकालकर अस्पताल ले गए। डॉक्टरों के अनुसार आशू को पूरी तरह ठीक होने में समय लगेगा।
मकान मालिक का आरोप और सीवर व्यवस्था पर सवाल
आशू के पिता सुनील प्रधान ने कहा कि उनके मकान में वाशरूम और किचन के बीच शाफ्ट में एसी का एग्जॉस्ट लगा है और पीछे ग्रीन बेल्ट है। उनका दावा है कि टॉयलेट का नियमित उपयोग होता है, फिर भी हादसा होना चिंताजनक है। उन्होंने इस हादसे की विस्तृत जांच की मांग की है।
एक्टिव सिटीजन टीम के हरेंद्र भाटी ने कहा कि ग्रेटर नोएडा का सीवर सिस्टम लंबे समय से समस्याग्रस्त है। पहले शौचालयों में वेंट पाइप लगाया जाता था, जिससे मीथेन गैस बाहर निकल जाती थी, लेकिन अब गैस पाइप के अंदर अटक जाती है, जिससे ऐसे हादसे हो सकते हैं।
डेढ़ साल से टूटी सीवर लाइन, जिम्मेदारों पर लापरवाही का आरोप
निवासियों ने बताया कि पी-3 गोलचक्कर के पास पिछले डेढ़ साल से सीवर लाइन टूटी है और बार-बार शिकायत के बावजूद मरम्मत नहीं कराई गई है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने बताया कि यह अपनी तरह का पहला मामला है और प्राधिकरण इसकी जांच कराएगा।
सावधानियां जो जरूरी हैं
- सीवर पाइप में कोई रुकावट न हो।
- फ्लशिंग की व्यवस्था दुरुस्त हो।
- लीकेज की जांच समय-समय पर होती रहे।
विशेषज्ञों की राय
गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के विज्ञानी व कुलसचिव डॉ. विश्वास त्रिपाठी के अनुसार, सीवर में एनोक्सीजेनिक डीकंपोजिशन के कारण मीथेन और हाइड्रोजन सल्फाइड जैसी गैसें बनती हैं, जिनसे विस्फोट की आशंका रहती है।
NGV PRAKASH NEWS

