
पाकिस्तान पर भारत का करारा प्रहार, बलूचिस्तान ने किया स्वतंत्र राष्ट्र की घोषणा का दावा
9 मई 2025, नई दिल्ली।
पाकिस्तान द्वारा भारतीय सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की कोशिश अब उसके लिए भारी पड़ती नजर आ रही है। सीमा पर शुरू हुई इस सैन्य तनातनी ने बीती रात बड़ा मोड़ ले लिया, जब भारत ने जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान और पीओके के ठिकानों पर जबर्दस्त हमला बोला। इस बीच, बलूचिस्तान ने खुद को स्वतंत्र राष्ट्र घोषित करने का दावा करते हुए संयुक्त राष्ट्र से अंतरराष्ट्रीय मान्यता की मांग की है।
रातभर पाकिस्तान में हड़कंप मचा रहा। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान की ओर से हमास की तरह एक साथ रॉकेट हमले किए गए, जिनके जवाब में भारतीय सेना ने निर्णायक कार्रवाई करते हुए कई ठिकानों को तबाह कर दिया। बताया जा रहा है कि यह हमला आधी रात के करीब हुआ और इसका प्रभाव पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) तक महसूस किया गया।
इसी मौके का लाभ उठाकर बलूचिस्तान के स्वतंत्रता समर्थक संगठनों ने संयुक्त राष्ट्र का रुख किया है। बलूच नेताओं ने बलूचिस्तान को एक अलग राष्ट्र घोषित करते हुए UN से मान्यता की अपील की है। सोशल मीडिया पर बलूचिस्तान का राष्ट्रगान गूंज रहा है और #OperationSindoorTillVictory तथा #PakistanLeaveBalochistan जैसे हैशटैग ट्रेंड कर रहे हैं।
बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने पूरे बलूचिस्तान पर नियंत्रण का दावा किया है। सूत्रों के अनुसार, BLA ने पाकिस्तान की 14 सैन्य चौकियों पर कब्जा कर लिया है। राजधानी क्वेटा समेत विभिन्न इलाकों में बीते 24 घंटों में कई धमाके हुए हैं। 8 मई को बलूच लड़ाकों ने पाकिस्तानी सेना के एक काफिले को निशाना बनाकर उड़ा दिया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है।
इस घटनाक्रम के बाद पाकिस्तान की सैन्य स्थिति और राजनीतिक स्थिरता पर सवाल उठने लगे हैं। विशेषज्ञ मानते हैं कि यह संघर्ष दक्षिण एशिया में बड़ी कूटनीतिक उथल-पुथल का संकेत हो सकता है।
NGV PRAKASH NEWS

