मासूम के साथ दुष्कर्म का आरोपी मुठभेड़ में हुआ गिरफ्तार

Gyan Prakash Dubey

थाना कोतवाली क्षेत्र में मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला: पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा, मुठभेड़ में आरोपी घायल होकर गिरफ्तार

बस्ती, 13 मई 2025 | NGV PRAKASH NEWS

थाना कोतवाली क्षेत्र के कटेश्वर पार्क के पास 12 मई को एक मासूम बच्ची के साथ अज्ञात व्यक्ति द्वारा दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना सामने आई थी। इस गंभीर अपराध के संबंध में थाना कोतवाली पर मु0अ0सं0-167/2025, धारा 65(2) बीएनएस व 5एम/6 पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले के शीघ्र खुलासे हेतु कई टीमों का गठन किया। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी सदर सत्येन्द्र भूषण तिवारी के नेतृत्व में प्रभारी एसओजी टीम चन्द्रकांत पाण्डेय, कोतवाली प्रभारी विश्वमोहन राय व सिविल लाइन चौकी प्रभारी अजय सिंह ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के अंदर आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।

गिरफ्तारी की यह कार्यवाही मुड़घाट क्षेत्र में हुई, जहाँ पुलिस व आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से आरोपी घायल हो गया, जिसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान दीपक गौड़ पुत्र मोतीलाल, निवासी बभनगांवा, थाना कोतवाली, जनपद बस्ती के रूप में हुई है।

घटना स्थल पर थानाध्यक्ष वाल्टरगंज, पुरानी बस्ती और नगर थाना पुलिस भी पहुंची और समन्वित रूप से ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की तह तक जाने का प्रयास जारी है।

इस त्वरित कार्यवाही से पुलिस की तत्परता और अपराधियों के प्रति कड़ा रुख एक बार फिर सामने आया है, जिससे आम जनता में सुरक्षा की भावना को बल मिला है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *