
: प्रेम, धोखा और कत्ल की साजिश – रेलवे कर्मचारी की हत्या में पत्नी और प्रेमी शामिल, पुलिस का सनसनीखेज खुलासा
– NGV PRAKASH NEWS विशेष रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र अंतर्गत दरियापुर गांव में रेलवे कर्मचारी सिद्धि प्रसाद लोधी की हत्या के रहस्य से पर्दा उठ चुका है। इस सनसनीखेज हत्याकांड के पीछे कोई बाहरी दुश्मन नहीं, बल्कि घर की ही साजिश निकली। पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी मंजू देवी और उसके प्रेमी व रिश्ते के भांजे आकाश वर्मा उर्फ लकी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरा आरोपी संजय कश्यप फरार है।
शक के साए में बसा था घर का रिश्ता
बंथरा के दरियापुर निवासी सिद्धि प्रसाद लोधी, रेलवे के आलमबाग स्टोर में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे।
25 मई की शाम, गांव के तालाब किनारे झाड़ियों में उनका शव औंधे मुंह पड़ा मिला, पास में चप्पल, मोबाइल, शर्ट और पैंट बिखरे थे। सिर से खून बह रहा था और शरीर पर गहरी चोटों के निशान थे। परिवार की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया और जांच शुरू की।
जांच में निकला पारिवारिक विश्वासघात
पुलिस की जांच में जो सच सामने आया, उसने सभी को चौंका दिया।
पारा निवासी आकाश वर्मा उर्फ लकी, सिद्धि का रिश्ते में भांजा था और अक्सर उसके घर आता-जाता था। इसी दौरान उसकी मंजू देवी से नजदीकियां बढ़ीं और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए।
आकाश ने पूछताछ में खुलासा किया कि मंजू ने उसे बताया कि सिद्धि शराबी है, जुआरी है, गांव की एक विधवा से नाजायज़ संबंध रखता है और यहां तक कि अपनी बड़ी बेटी पर भी बुरी नज़र रखता है।
मंजू ने आकाश को यह भी धमकी दी कि यदि उसने सिद्धि को रास्ते से नहीं हटाया, तो वह बच्चों समेत ज़हर खा लेगी।
हत्या की साजिश और क्रूर अंजाम
मंजू की बातों में फंसकर आकाश ने गोंडा निवासी अपने दोस्त संजय कश्यप को 40 हजार रुपये का लालच देकर इस साजिश में शामिल किया। संजय, सरोजनीनगर के नादरगंज में दालमोठ फैक्ट्री में आकाश के साथ काम करता था।
24 मई को मंजू ने आकाश को फोन कर बताया कि घर के बाकी लोग शादी में गए हैं – यही सिद्धि को मारने का मौका है।
रात में आकाश और संजय घर पहुंचे और प्लास्टिक की रस्सी से सिद्धि का गला घोंट दिया। फिर आकाश ने लोहे की पाइप से सिर पर कई वार किए, ताकि वह बच न सके।
शव को घर के पीछे झाड़ियों में छिपा दिया गया।
कानून का शिकंजा, दो गिरफ्तार एक फरार
पुलिस ने साजिश में शामिल पत्नी मंजू देवी और प्रेमी आकाश वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में मंजू ने भी हत्या की साजिश में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली है। तीसरे आरोपी संजय की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
सवाल छोड़ गया सिद्धि का अंत
यह हत्या सिर्फ एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि भरोसे और रिश्तों के नाम पर समाज के उस चेहरे की हत्या है, जो भीतर से खोखला होता जा रहा है।
एक पत्नी का प्रेम, एक रिश्तेदार का विश्वास, और एक निर्दोष की जान — तीनों इस साजिश की बलि चढ़ गए।
NGV PRAKASH NEWS

