Gyan Prakash Dubey


बस्ती में बकरीद में पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ताबड़तोड़ निरीक्षण
NGV PRAKASH NEWS | बस्ती | 07 जून 2025
बकरीद त्योहार को शांति और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बस्ती जिले में पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक बस्ती ओम प्रकाश सिंह ने क्षेत्राधिकारी सदर सत्येन्द्र भूषण तिवारी के साथ थाना कोतवाली परिसर पहुंचकर पुलिस बल को सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में आवश्यक ब्रीफिंग दी।
ब्रीफिंग के बाद दोनों अधिकारियों ने रात्रि में थाना क्षेत्र के प्रमुख ईदगाह स्थलों का भ्रमण कर मौके की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय नागरिकों, विशेषकर क्षेत्र के संभ्रांत लोगों से संवाद स्थापित किया और उन्हें भरोसा दिलाया कि पुलिस-प्रशासन हर स्तर पर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्पर है। साथ ही त्योहार को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की गई। किसी भी संभावित समस्या को लेकर लोगों से सुझाव लिए गए और उन्हें समाधान का आश्वासन दिया गया।
इसी क्रम में जिलाधिकारी रवीश गुप्ता और पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन ने भी मैदान में उतरकर बकरीद की तैयारियों का निरीक्षण किया। अपर जिलाधिकारी बस्ती, अपर पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह, और थानाध्यक्ष पुरानी बस्ती महेश सिंह मय पुलिस बल के साथ चौकी दक्षिण दरवाजा स्थित मस्जिद पहुंचे जहां उन्होंने नमाज स्थल पर तैनात फोर्स की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आमजन से सीधा संवाद कर शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने की अपील की और मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिशा-निर्देश भी दिए।
बस्ती पुलिस की यह सक्रियता यह दर्शाती है कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अफवाह फैलाने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। प्रशासन का यह अभियान त्योहार को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण बनाने की दिशा में एक सशक्त कदम है।
NGV PRAKASH NEWS
(हर ख़बर पर आपकी नज़र)

