
NGV PRAKASH NEWS
ऑनलाइन गेम की लत ने बनाई चोर, बहू ने घर की तिजोरी से उड़ाया 40 तोला सोना
डूंगरपुर (राजस्थान), 23 जून 2025।
डूंगरपुर जिले में ऑनलाइन गेम की लत ने एक बहू को चोर बना दिया। हार के सिलसिले ने उसे इस कदर अंधा कर दिया कि अपने ही घर की तिजोरी को निशाना बना डाला। 40 तोला सोना गायब होते ही हड़कंप मच गया। आखिरकार पुलिस की सख्ती में सच्चाई सामने आई और बहू गिरफ्तार हो गई।
पूरा मामला डूंगरपुर के दोवड़ा थाना क्षेत्र के हथाई गांव का है। 19 जून को गांव निवासी एक व्यक्ति ने थाने में तहरीर दी थी कि उसके घर से 40 तोला सोना चोरी हो गया। शिकायत के अनुसार घटना 18 जून की रात की है। उस दिन उसकी पत्नी मायके गई थी और वो खुद इलाज कराने डूंगरपुर गया था। घर पर सिर्फ बेटा और बहू थे। अगले दिन लौटकर आने पर बहू ने ही उसे चोरी की सूचना दी। घर का सामान बिखरा पड़ा था और तिजोरी खाली हो चुकी थी।
पुलिस ने जांच की तो परतें खुलने लगीं। शक की सुई घर के अंदर की ओर घूमी। पूछताछ में बहू ने सारा राज उगल दिया। उसने कबूला कि ऑनलाइन गेम की लत में वह कर्ज में डूब गई थी। हार का नुकसान पूरा करने के लिए उसने तिजोरी से गहने चुरा लिए।
पुलिस ने बहू को गिरफ्तार कर लिया है और सोना बरामद करने की कार्रवाई जारी है। यह मामला एक बार फिर दिखा गया कि ऑनलाइन गेम की लत कैसे घर की देहरी लांघ कर अपराध की दहलीज तक पहुंचा देती है।
NGV PRAKASH NEWS

