

झारखंड के पतरातू में चलती ट्रेन से पत्नी को फेंका, गोरखपुर का युवक फरार – घायल महिला की हालत गंभीर
रामगढ़/पतरातू, 4 जुलाई 2025।
झारखंड के रामगढ़ जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने चलती ट्रेन से अपनी पत्नी को नीचे धकेल दिया। घटना गुरुवार सुबह पतरातू प्रखंड के किरीगढ़ा गांव के पास की है, जहां गोरखपुर निवासी शंकर कुमार ने अपनी पत्नी खुशबू कुमारी को ट्रेन से धक्का दे दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को रेलवे ट्रैक के पास नाले से ग्रामीणों ने निकाला।
प्रेम विवाह के बाद बदल गया पति का व्यवहार
घायल महिला ने होश में आने पर पुलिस को बताया कि वह उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले की निवासी है और एक वर्ष पहले शंकर कुमार से प्रेम विवाह किया था। शुरू में सब कुछ ठीक रहा, लेकिन कुछ महीनों से शंकर का व्यवहार बदल गया था। वह अक्सर मारपीट करता और विवाद करता था।
बुधवार रात दोनों बनारस-बरकाकाना पैसेंजर ट्रेन से यात्रा कर रहे थे। बिना किसी बहस के गुरुवार सुबह पतरातू पहुंचने से पहले शंकर ने चलती ट्रेन से उसे नीचे धकेल दिया और मौके से फरार हो गया।
स्थानीयों की मदद से बची जान
रेलवे कर्मचारी आकाश पासवान की नजर नाले में गिरी महिला पर पड़ी। उन्होंने आरपीएफ को सूचना दी और ग्रामीणों की मदद से 108 एंबुलेंस के माध्यम से पहले पतरातू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर वहां से रामगढ़ सदर अस्पताल भेजा गया। महिला के सिर में गंभीर चोट आई है, लेकिन उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
सोशल मीडिया से मायके वालों को दी जानकारी
आरपीएफ सब-इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने इंस्टाग्राम के जरिए खुशबू के परिवार वालों को सूचना दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी पति शंकर कुमार की तलाश में छापेमारी जारी है।
यह मामला न सिर्फ घरेलू हिंसा, बल्कि प्रेम विवाह के बाद उत्पन्न हुए सामाजिक और मानसिक तनाव की भयावह तस्वीर पेश करता है।
📌 : NGV PRAKASH NEWS
