

दुल्हन बनी नूरी को सलमान ने दिया धोखा, बारात का इंतजार करते थाने पहुंची युवती, बोली- या निकाह या जेल
बरेली, उत्तर प्रदेश | 4 जुलाई 2025
उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवती शादी के जोड़े में सजकर थाने पहुंची और अपने प्रेमी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगी। मामला नवाबगंज थानाक्षेत्र के गांव ईंद जागीर का है, जहां रहने वाली युवती नूरी को उसके प्रेमी सलमान ने शादी से ठीक पहले धोखा दे दिया।
नूरी और सलमान, जो हरहरपुर मटकली गांव का निवासी है, पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध में थे। 28 जून को सलमान नूरी को भगाकर ले गया, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के दबाव में 29 जून को सलमान के परिवार वाले नूरी को लेकर थाने पहुंचे, जहां पंचायत बैठाई गई। दोनों परिवारों की सहमति से 2 जुलाई को निकाह तय हुआ।
सज-धज कर बैठी रही नूरी, लेकिन सलमान नहीं आया
2 जुलाई को नूरी के घर शादी की पूरी तैयारियां की गई थीं। पकवान पकाए गए, मेहमान आने लगे, और नूरी दुल्हन के जोड़े में हाथों में मेहंदी लगाए सलमान की बारात का इंतजार करती रही। लेकिन शाम से लेकर रात बीत गई, न बारात आई, न ही सलमान की कोई खबर। धीरे-धीरे यह साफ हो गया कि सलमान शादी से पीछे हट गया है।
थाने पहुंची दुल्हन, मांगा इंसाफ
देर रात दुल्हन बनी नूरी, रोते-बिलखते थाने पहुंची और पुलिस से गुहार लगाने लगी। उसका कहना था, “या तो सलमान मुझसे निकाह करे या उसे जेल भेजो। उसने मेरी जिंदगी बर्बाद कर दी है।” नूरी का आरोप है कि उसने दो साल का रिश्ता निभाया, भरोसे के बदले उसे बेइज्जती मिली।
नूरी ने बताया, “सलमान से मोहब्बत की, उसके भरोसे पर सबकुछ छोड़ दिया। अब पूरे गांव में बदनामी हो रही है। घरवाले भी ताने मार रहे हैं कि अब कौन अपनाएगा।”
पुलिस ने शुरू की जांच
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सलमान तथा उसके परिजनों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तथ्यों की पड़ताल के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
📌 NGV PRAKASH NEWS
