

नवाबगंज के मकान में देह व्यापार का भंडाफोड़, चार महिलाएं और एक युवक गिरफ्तार, पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
बरेली, 4 जुलाई 2025
नवाबगंज कस्बे के गुलशन नगर मोहल्ले में लंबे समय से चल रहे देह व्यापार रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। गुरुवार को पुलिस ने एक मकान पर छापा मारकर चार महिलाओं और एक युवक को गिरफ्तार किया। आरोप है कि मकान की मालकिन अन्य महिलाओं के साथ मिलकर जिस्मफरोशी का धंधा चला रही थी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस मकान में रोजाना अनजान लोगों की आवाजाही होती थी, जिससे मोहल्ले में संदेह गहराता जा रहा था। बुधवार शाम किसी ने गुप्त सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद छापेमारी की गई। पुलिस के पहुंचते ही मकान में अफरा-तफरी मच गई।
छापे के दौरान पुलिस ने चार महिलाओं और एक युवक को पकड़ा। युवक की पहचान अरबाज, निवासी बड़ी विहार, थाना इज्जतनगर के रूप में हुई। उसके पास से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई। पूछताछ में एक महिला ने कबूल किया कि मकान उसी का है और वह अन्य महिलाओं के साथ मिलकर देह व्यापार करती है। बाकी महिलाएं ग्राहकों को लाने का काम करती थीं। ग्राहक नकद भुगतान के अलावा यूपीआई से भी पैसा भेजते थे।
चौंकाने वाली बात यह है कि जिस मकान में यह रैकेट पकड़ा गया, वह नवाबगंज पुलिस चौकी से महज कुछ कदम की दूरी पर स्थित है। इसके बावजूद, महीनों से चल रही इस अवैध गतिविधि की भनक तक पुलिस को नहीं लगी, जिससे उसकी कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठे हैं।
स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि पुलिस ने मौके से केवल चार महिलाएं और एक युवक नहीं, बल्कि कुल पांच महिलाएं और पांच पुरुषों को पकड़ा था। सभी को पहले चौकी ले जाया गया, लेकिन भीड़ जुटने पर मामला बढ़ता देख सभी को थाने भेज दिया गया। आरोप है कि बाद में मिलीभगत के चलते चार युवकों और एक महिला को छोड़ दिया गया।
अब यह सवाल उठ रहा है कि क्या पुलिस की यह कार्रवाई पूरी तरह निष्पक्ष थी या फिर देह व्यापार के दलदल में कुछ लोग कानून की पकड़ से बचा लिए गए?
NGV PRAKASH NEWS
