

NGV PRAKASH NEWS
10 जुलाई 25.
उत्तर प्रदेश के आगरा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक को लुटेरी दुल्हन ने निशाना बनाकर न केवल उसकी भावनाओं से खेला, बल्कि गहने और नकदी भी लेकर फरार हो गई। इस पूरे मामले में मदरसे की आड़ में चल रहे मैरिज ब्यूरो और फर्जी रिश्तेदारों की साजिश सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, रकाबगंज निवासी युवक का निकाह एक महिला से कराया गया था, जिसे उसका कथित पिता और भाई शाहगंज क्षेत्र के थे। लेकिन सच्चाई यह थी कि यह पिता और भाई भी फर्जी निकले, जो कि मदरसे में ही मैरिज ब्यूरो और एक एनजीओ चलाते थे। पीड़ित युवक की बहन ने बताया कि निकाह के पहले आरोपितों ने कहा था कि यह महिला पहले पांच वर्षों तक एक अन्य धर्म के व्यक्ति के साथ रही थी और गर्भवती हो चुकी थी। आरोप है कि इन लोगों ने महिला का जबरन गर्भपात भी कराया।
निकाह के बाद जब युवक ने पत्नी से दांपत्य संबंध की इच्छा जताई तो उसने बीमारी और गर्भपात का बहाना बनाकर करीब 20 दिनों तक दूरी बनाए रखी। इसके बाद एक दिन वह अपने कथित पिता से मिलने की बात कहकर घर से निकली और साथ में सारे गहने और 20 हजार रुपये लेकर गायब हो गई।
सबसे हैरानी की बात तो यह रही कि इसके बाद कथित पिता और भाई ने खुद ही महिला की गुमशुदगी का आरोप लगाकर पीड़ित से पैसों की मांग शुरू कर दी। जब पीड़ित परिवार ने पुलिस से शिकायत की तो कोई सुनवाई नहीं हुई। हारकर उन्होंने खुद ही महिला की तलाश की और उसे शाहगंज के कमाल खां क्षेत्र से पकड़ लिया। महिला इस दौरान गर्भवती थी और एक अन्य धर्म के युवक के साथ रह रही थी।
महिला ने आरोप लगाया कि उसका जबरन निकाह कराया गया और उसे पति पसंद नहीं था। वहीं, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
इस घटना ने शादी-ब्याह के नाम पर हो रहे फर्जीवाड़े और भावनात्मक शोषण के नए तरीके को उजागर किया है। साथ ही यह भी सवाल खड़ा करता है कि मदरसों की आड़ में किस तरह अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं और जिम्मेदार विभाग आंख मूंदे बैठे हैं।
NGV PRAKASH NEWS
