Gyan Prakash Dubey



कांवड़ यात्रा को लेकर NH-28 मार्ग पर पुलिस अधिकारियों का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायज़ा
बस्ती, 14 जुलाई 2025
शावन मास के चलते कांवड़ यात्रा पूरे शबाब पर है, ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारू यातायात व्यवस्था को लेकर जिले की पुलिस लगातार सतर्कता बरत रही है। इसी क्रम में सोमवार को अपर पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने नेशनल हाईवे-28 पर कांवड़ यात्रा मार्ग का व्यापक निरीक्षण किया। उनके साथ क्षेत्राधिकारी हरैया संजय सिंह, थाना छावनी के प्रभारी निरीक्षक जनार्दन प्रसाद तथा थाना परसरामपुर के प्रभारी निरीक्षक भानु प्रताप सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने छावनी व परसरामपुर थाना क्षेत्र के उन स्थलों का विशेष रूप से निरीक्षण किया, जहाँ से कांवड़ यात्रा निकलती है या जहां तीर्थयात्रियों की भारी आवाजाही होती है। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने यात्रा मार्ग पर व्यवस्थाओं का गहन जायज़ा लिया और संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था किसी भी सूरत में बाधित नहीं होनी चाहिए। संवेदनशील स्थानों पर विशेष चौकसी बरती जाए और कहीं भी कोई अव्यवस्था न दिखे, इसका पूर्ण ध्यान रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान ओम प्रकाश सिंह ने मौके पर तैनात पुलिस बल को सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े सभी पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी और उन्हें श्रद्धालुओं के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा आस्था से जुड़ी एक बड़ी धार्मिक यात्रा है, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं, इसलिए प्रशासन की यह प्राथमिकता है कि यात्रा शांतिपूर्वक और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।
इसके अतिरिक्त अधिकारियों ने मार्ग पर पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, प्राथमिक उपचार और विश्राम स्थल जैसी बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि इन सुविधाओं में कोई कमी न रहे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
अपर पुलिस अधीक्षक ने समस्त पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हर थाना प्रभारी को अपने क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग करने, CCTV की निगरानी बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने को कहा गया।
इस निरीक्षण के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि कांवड़ यात्रा को लेकर पूरी तरह से सतर्कता बरती जा रही है और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
NGV PRAKASH NEWS
