बर्थडे पर मिली चांदी की चेन टीचर ने उतरवाई, 11 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाई


कानपुर में मासूम की मौत: बर्थडे पर मिली चांदी की चेन टीचर ने उतरवाई, 11 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाई

कानपुर, 30 जुलाई 2025 | विशेष रिपोर्ट – NGV PRAKASH NEWS

कानपुर में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। महज 11 वर्षीय स्वास्तिक शर्मा, जो छठवीं कक्षा में पढ़ता था, ने घर में ही फांसी लगाकर जान दे दी। कारण चौंकाने वाला है—बर्थडे पर पापा द्वारा दी गई चांदी की चेन स्कूल में टीचर ने उतरवा ली थी।

दादी ने देखा तो रो पड़ीं

घटना कानपुर की दादानगर कॉलोनी की है।
स्वास्तिक की मां पूजा प्राइवेट स्कूल में टीचर हैं और पिता ऋषि शर्मा नमकीन ट्रेडिंग का काम करते हैं। मंगलवार को घर पर दादी थीं।

  • स्वास्तिक स्कूल से लौटकर आमतौर पर यूनिफॉर्म बदलकर दादी के घर खाना खाने आता था।
  • लेकिन इस बार आधे घंटे तक नहीं आया तो दादी ने कमरे में झांका।
  • दरवाजे के कुंडे से चुनरी के सहारे स्वास्तिक का शव लटक रहा था।

चीख-पुकार मच गई। परिवार और पड़ोसी दौड़े और तुरंत बच्चे को हैलट अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।


टीचर ने उतार ली थी चेन, बच्चा डर गया था

परिवार ने बताया कि स्वास्तिक ने हाल ही में 27 मई को जन्मदिन पर चांदी की चेन गिफ्ट में पाई थी।
मंगलवार को वह वही चेन पहनकर स्कूल गया था।

  • क्लास में बच्चों ने टीचर से शिकायत कर दी कि वह चेन बाहर निकालकर घूम रहा है।
  • टीचर ने चेन जब्त कर ली और कहा कि मां के आने पर ही लौटाई जाएगी।

स्कूल से लौटते समय स्वास्तिक ने अपने दोस्त राजवीर से कहा कि वह डर रहा है कि मम्मी डांटेंगी या मारेंगी। इसके बाद वह अपने घर चला गया और कुछ देर बाद यह हादसा हो गया।


हत्या की आशंका भी जताई

पिता ऋषि शर्मा इटावा गए हुए थे। बेटे की मौत की खबर सुनते ही बदहवास होकर घर लौटे। उनका कहना है—

“इतना छोटा बच्चा दरवाजे के कुंडे से फांसी कैसे लगा सकता है? उसके पैर जमीन को छू रहे थे, और उसकी पेशाब भी छूट गई थी। मुझे हत्या की आशंका है।”

परिवार ने पुलिस से मामले की जांच की मांग की है।


दोस्त की गवाही

स्वास्तिक के साथ पढ़ने वाले राजवीर ने बताया कि छुट्टी के बाद वह उसके घर आया था।

“उसने कहा कि टीचर ने चेन जमा कर ली है, डर लग रहा है कि मम्मी डांटेंगी। मैंने कहा कि कुछ नहीं होगा। फिर वह घर चला गया।”


फिलहाल पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवा लिया है। परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।


NGV PRAKASH NEWS


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *