

, Gyan Prakash Dubey
बस्ती में पुलिस ने खोला हत्या का राज, पोते और उसके मित्र ने ही बुजुर्ग की ली जान
बस्ती, 06 अगस्त 2025
पुरानी बस्ती थाने की पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मंगलवार देर रात और बुधवार सुबह दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर की गई। मामला 4 अगस्त 2025 को ग्राम रेहरवा में रिटायर्ड फौजी रमापति पांडे (निवासी आमबारी, थाना रुधौली, बस्ती) की हत्या से जुड़ा है।
अपर पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने क्षेत्राधिकारी सदर सतेंद्र भूषण त्रिपाठी की मौजूदगी में बताया कि मृतक के पोते और उसके मित्र ने मिलकर यह हत्या की। मृतक के पुत्र संतोष कुमार पांडे की तहरीर पर एनसीआर नंबर 193/25, धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
कैसे हुई हत्या?
पुलिस जांच में पता चला कि मृतक का पोता नशे का आदी था और अक्सर अपने दादा से पैसे मांगता था। घटना वाले दिन उसने मोबाइल खरीदने के लिए पैसे मांगे, लेकिन दादा ने देने से मना कर दिया। दोनों के बीच कुछ कहा सुन होने लगी इस समय गुस्से में दादा ने पोते को मां की गाली दी, जिस पर नाराज होकर पोते ने पास में रखे लोहे के रॉड से दादा के सिर पर वार कर दिया।
जब रमापति पांडे ने पोते को पकड़ने की कोशिश की, तो उसका मित्र अजहरुद्दीन उर्फ समीर (निवासी संजय कॉलोनी, पुरानी बस्ती) ने पीछे से ईंट के टुकड़े से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से रिटायर्ड फौजी की मौके पर ही मौत हो गई।
इसके बाद दोनों ने घर में अलमारी और बक्सों की तलाशी ली, लेकिन उन्हें कोई पैसा नहीं मिला। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रॉड और ईंट के टुकड़े बरामद कर लिए हैं।
गिरफ्तारी और इनाम
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने चैनपुरवा ओवरब्रिज के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष राजेश सिंह, स्वाट प्रभारी उप निरीक्षक संतोष कुमार और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने घटना का खुलासा करने वाली टीम को ₹20,000 इनाम देने की घोषणा की। आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और उन्हें जेल भेजा जा रहा है।
NGV PRAKASH NEWS
