उत्तर प्रदेश पुलिस का कांस्टेबल दिल्ली में बाइक चुराते हुए हुआ गिरफ्तार..

दिल्ली में यूपी पुलिस का कॉन्स्टेबल बाइक चोरी करते रंगे हाथ गिरफ्तार, जुए की लत ने बनाया चोर

नई दिल्ली, 11 अगस्त 2025 | NGV PRAKASH NEWS

राजधानी दिल्ली में प्रीत विहार थाना पुलिस ने एक चौंकाने वाला मामला उजागर किया है, जहां यूपी पुलिस का ही एक कॉन्स्टेबल बाइक चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। आरोपी की पहचान बड़ौत, बागपत निवासी 27 वर्षीय मोहसिन के रूप में हुई है, जो वर्तमान में 44वीं बटालियन पीएसी, मेरठ में तैनात था। जानकारी के मुताबिक, मोहसिन को जुए की लत थी, और इसी आदत ने उसे कर्ज में डुबो दिया, जिसके बाद उसने चोरी का रास्ता अपनाया।

गश्त के दौरान हुआ पर्दाफाश
डीसीपी अभिषेक धानिया ने बताया कि मंगलवार रात गश्त के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर राजधानी एंक्लेव के पास मोहसिन को पकड़ा गया। उसके पास से चोरी की बाइक और दो मास्टर चाबियां बरामद हुईं। पूछताछ में उसने कबूल किया कि जुए में पैसे हारने के बाद उसने बाइकों की चोरी शुरू की और सोशल मीडिया के जरिए उन्हें बेचने लगा।

पहले भी कर चुका था चोरी
मोहसिन ने खुलासा किया कि करीब दो महीने पहले भी वह प्रीत विहार इलाके से एक बाइक चोरी कर चुका है। चोरी की वारदात के लिए वह बाकायदा छुट्टी लेकर दिल्ली आता था, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस से बचने के लिए वह चोरी की बाइकों के इंजन और चेसिस नंबर बदल देता था।

नेटवर्क की पड़ताल में जुटी पुलिस
दिल्ली पुलिस ने इस गिरफ्तारी की जानकारी यूपी पुलिस की उसकी यूनिट को भेज दी है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मोहसिन के नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है और अब तक कितनी बाइकों की चोरी की गई है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *