मासूमियत की आड़ में गुल खिलाते बच्चे.. होटल में स्कूल बैग के साथ पकड़ी गई छात्राएं..


मेरठ के होटल में स्कूली बैग के साथ पकड़ी गई लड़कियां — समाज के लिए खतरे की घंटी
(NGV PRAKASH NEWS विशेष विश्लेषण)

मेरठ। सुबह-सुबह जब ज्यादातर लोग अपनी दिनचर्या शुरू कर रहे थे, मेरठ पुलिस ने होटल सैफरॉन में छापेमारी कर चौंकाने वाला नजारा देखा — स्कूली ड्रेस और बैग के साथ लड़कियां। यह नजारा किसी एक होटल तक सीमित नहीं है, बल्कि हमारे समाज में पनप रही खतरनाक लापरवाही का आईना है।

माता-पिता को लगता है कि उनकी बेटी स्कूल या कोचिंग जा रही है, जबकि असलियत में “क्लास” कहीं और लग रही होती है। रोक-टोक कम हो गई है, सही-गलत की सीख कमजोर पड़ गई है, और गलती को छुपाकर मासूमियत का प्रमाणपत्र देने की आदत ने हालात को और बिगाड़ दिया है।


परवरिश की नींव में दरार

सवाल सीधा है — जब घर से ही निगरानी और संवाद गायब हो जाए, तो बच्चों की दिशा कौन तय करेगा?
आज के समय में कोचिंग सेंटर कुकुरमुत्ते की तरह जगह-जगह उग आए हैं। सुबह 6 बजे से ही “क्लास” के नाम पर दरवाजे खुल जाते हैं। माता-पिता गहरी नींद में होते हैं, और बच्चे “पढ़ाई” के नाम पर घर से निकल जाते हैं। लेकिन क्या कभी किसी ने सोचा कि वे वहां पढ़ रहे हैं या कुछ और कर रहे हैं?


एक छोटी सी आदत, बड़ा बदलाव

माता-पिता अगर समय-समय पर कोचिंग या स्कूल में बिना बताए पहुंच जाएं, बच्चों का अटेंडेंस देखें, तो उनके मन में हमेशा यह डर रहेगा कि “कभी भी मम्मी-पापा आ सकते हैं” — और यह डर उन्हें कई गलत रास्तों से बचा सकता है।
इसी तरह, दोस्तों के बर्थडे पार्टी, सहेलियों के घर रुकने, या किसी और कार्यक्रम में जाने से पहले, यह भी चेक करना जरूरी है कि वाकई वहां कार्यक्रम है या नहीं।


तकनीक और आज़ादी — दोधारी तलवार

आज लगभग हर लड़के-लड़की के पास स्मार्टफोन और अधिकतर लड़कों के पास मोटरसाइकिल है। यह सुविधा उन्हें स्वतंत्रता देती है, लेकिन यही स्वतंत्रता गलत दिशा में भी ले जा सकती है। कोचिंग सेंटरों के बाहर खड़े होकर देखें — वहां क्या बातचीत हो रही है, क्या माहौल है — तो तस्वीर और साफ हो जाएगी।


सिर्फ कुछ लोग, लेकिन असर पूरे समाज पर

हम यह नहीं कह रहे कि सभी बच्चे गलत रास्ते पर हैं, लेकिन सच यह है कि थोड़े से बच्चे और उनकी गलत हरकतें पूरे समाज में गंदगी फैला देती हैं। यही कारण है कि आज होटल सैफरॉन जैसी घटनाएं सामने आती हैं।


📌 सीख — रोज़ाना थोड़ा समय बेटा-बेटी से बातचीत में लगाइए, उनके दोस्तों, उनके रूटीन और उनकी समस्याओं को समझिए। वरना हालात हाथ से निकलते देर नहीं लगेगी।

— NGV PRAKASH NEWS


👉 फोटो स्रोत -सोशल मीडिया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *