NGV PRAKASH NEWS


लखनऊ, 21 अगस्त 2025।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दरबार में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 65 वर्षीय सेवानिवृत्त फौजी और करगिल योद्धा सतबीर गुर्जर जहर खाकर वहां पहुंच गए। दरबार में दाखिल होते ही उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे जहर पीकर आए हैं। तत्काल मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत अब स्थिर बताई है।
सतबीर गुर्जर गाजियाबाद जिले के लोनी क्षेत्र के सिरौली गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर से बेहद परेशान हैं और अपनी शिकायत लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने आए थे। मौके से बरामद उनके शिकायती पत्र में लिखा गया है कि योगी आदित्यनाथ उनके “इष्ट देव” हैं और वे उनके सामने अपनी गुहार रखने आए हैं।
शिकायत पत्र में सतबीर गुर्जर ने गंभीर आरोप लगाते हुए लिखा कि विधायक नंद किशोर गुर्जर ने अप्रैल महीने में एक “षड्यंत्रकारी कलश यात्रा” निकाली थी, जिसका मकसद भाजपा सरकार को गिराना था। इस योजना का खुलासा उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स (फेसबुक, एक्स आदि) पर कर दिया था। उनका दावा है कि इसके बाद से विधायक ने उन पर अत्याचार शुरू कर दिया और उनके खिलाफ आपराधिक दबाव बनाया जा रहा है।
उन्होंने यहां तक आरोप लगाया कि लोनी क्षेत्र में “नंदू टैक्स” नाम से करोड़ों रुपये प्रतिदिन वसूले जाते हैं और इसका हिस्सा ऊपरी स्तर तक पहुंचता है। सतबीर गुर्जर ने मुख्यमंत्री से सुरक्षा की मांग करते हुए कहा है कि उनकी जान को गंभीर खतरा है।
एसीपी विकास जायसवाल ने बताया कि सतबीर के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए गाजियाबाद पुलिस को सूचित कर दिया गया है। उनकी शिकायत स्थानीय एसपी को भेजी गई है और जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही यह भी पड़ताल की जा रही है कि कहीं किसी के कहने पर उन्होंने आत्महत्या का यह कदम तो नहीं उठाया। अगर ऐसा पाया गया तो दोनों पक्षों पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
📌 यह मामला न सिर्फ प्रशासन को झकझोरने वाला है, बल्कि सवाल यह भी खड़ा करता है कि जब एक सेवानिवृत्त फौजी, जिसने देश के लिए कारगिल युद्ध लड़ा, उसे खुद की सुरक्षा के लिए मुख्यमंत्री दरबार में जहर पीकर आना पड़े, तो आम नागरिक कितना असुरक्षित महसूस करता होगा।
NGV PRAKASH NEWS
