एक तरफा प्यार में युवक ने किया हाई वोल्टेज ड्रामा : मोबाइल टावर पर चढ़ा..

NGV PRAKASH NEWS

भदोही
25 अगस्त 2025

उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में रविवार सुबह एक अजीबोगरीब घटना ने लोगों को हैरान कर दिया। कोतवाली क्षेत्र के सालिमपुर गांव में एक युवक एकतरफा प्यार में लड़की से शादी की जिद को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। इस दौरान पूरे इलाके में अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, याकूबपुर निवासी पवन पांडे सुबह करीब 9 बजे गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और अपने परिचितों को फोन कर इस बात की जानकारी दी। देखते ही देखते गांववाले मौके पर जुट गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस भी पहुंच गई। भारी भीड़ जमा होने के बीच युवक लगातार शादी की जिद पर अड़ा रहा और नीचे आने से इनकार करता रहा।

करीब तीन घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने लगातार समझाने-बुझाने की कोशिश की। आखिरकार पुलिस ने मदद और समझाइश का भरोसा देकर युवक को टावर से उतार लिया। इसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी अशोक मिश्रा ने बताया कि युवक का किसी लड़की से एकतरफा प्रेम है और वह उससे शादी करना चाहता था। जब उसकी यह जिद पूरी नहीं हुई तो उसने यह खतरनाक कदम उठा लिया। जांच में यह भी सामने आया है कि पवन पांडे इससे पहले भी दो बार आत्मघाती कदम उठा चुका है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि इस तरह की हरकतें न केवल जान के लिए खतरनाक हैं, बल्कि कानून की नजर में अपराध भी हैं।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *