केवल खाना देने के लिए खोला जाता था दरवाजा, उसके बाद महिला के तहेरे भाई उसके साथ करते थे यह काम…

NGV PRAKASH NEWS


आगरा। थाना शाहगंज के नरीपुरा क्षेत्र से 13 अगस्त को गायब हुई किशोरी को पुलिस ने बरामद कर लिया है। इस मामले में पीड़िता की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि पड़ोस में किराये पर रहने वाली महिला किशोरी को सिलाई मशीन दिलाने का झांसा देकर अपने मायके रोहता ले गई और वहां कमरे में बंधक बनाकर रखा। इस दौरान एक महीने तक किशोरी के साथ रोजाना दुष्कर्म किया गया।

जानकारी के अनुसार, महिला पहले किशोरी को सिलाई मशीन दिलाने के बहाने अपने साथ ले गई थी और बाद में मशीन न मिलने का बहाना बनाकर छोड़ आई थी। 13 अगस्त को वह दोबारा आई और किशोरी को साथ लेकर चली गई, जिसके बाद से किशोरी लापता हो गई।

11 सितंबर की रात किसी तरह किशोरी ने अपनी मौसी को फोन कर घटना की जानकारी दी। उसने बताया कि महिला ने उसे बंधक बना रखा है और केवल खाने के लिए ही कमरे का दरवाजा खोला जाता है। किशोरी ने यह भी आरोप लगाया कि महिला के तहेरे भाई संदीप और मनमोहन उसके साथ लगातार दुष्कर्म करते थे।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और किशोरी को मुक्त कराया। एसीपी लोहामंडी मयंक तिवारी ने बताया कि किशोरी की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल कराया जा रहा है और पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

NGV PRAKASH NEWS


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *