

NGV PRAKASH NEWS
साइबर ठगों को बैंक खाते पहुँचाने वाला युवक गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर/बागपत। सेना में भर्ती न हो पाने के बाद साइबर अपराध की राह पकड़ने वाले बागपत जिले के बामनोली गांव निवासी अंकित तोमर (26) को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। युवक फेसबुक और इंस्टाग्राम के माध्यम से एक विदेशी ठग ‘केल्विन’ से जुड़कर बैंक खातों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का हिस्सा बन गया था।
पुलिस के अनुसार आरोपी भोले-भाले ग्रामीणों को लालच देकर उनके नाम से बैंक खाते खुलवाता और उनकी किट (एटीएम कार्ड, चेकबुक, पासबुक) 25 से 30 हजार रुपये में खरीदकर गुजरात, तमिलनाडु और बेंगलुरु में बैठे साइबर ठगों को भेजता था। इसके एवज में उसे कमीशन मिलता था। आरोपी तीन प्रकार के खाते—सेविंग, करंट और जीएसटी अकाउंट—खुलवाता था जिनकी कीमतें अलग-अलग तय थीं।
गिरफ्तार आरोपी के पास से पुलिस ने 26 सिम कार्ड, 32 एटीएम व डेबिट कार्ड, पांच मोबाइल, एक कार, पर्सनल डायरी, फर्जी दस्तावेज और नकदी बरामद की है। डायरी में सैकड़ों बैंक खातों का विवरण दर्ज मिला है। जांच में पाया गया कि इन खातों से जुड़े 79 मामलों में 5 करोड़ रुपये से अधिक का लेन-देन हुआ है।
एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया के जरिये विदेशी ठगों से संपर्क में था। पुलिस अब मुख्य आरोपी ‘केल्विन’ और पूरे नेटवर्क की तलाश कर रही है।




