आज से रेलवे,UPI सहित यहां हो रहे हैं बड़े बदलाव,जान ले नहीं तो हो सकते हैं परेशान..

NGV PRAKASH NEWS

नई दिल्ली। 01 अक्टूबर 2025

सितंबर खत्म होते ही अक्टूबर 2025 की शुरुआत देशभर के लोगों के लिए कई नए बदलाव लेकर आई है। महीने के पहले ही दिन यानी 1 अक्टूबर से एलपीजी सिलेंडर और एटीएफ (हवाई ईंधन) की कीमतें बढ़ गई हैं। वहीं, रेलवे टिकट बुकिंग और यूपीआई से जुड़े नियमों में भी अहम बदलाव लागू हो गए हैं। इसके अलावा अक्टूबर के महीने में बैंकों की बंपर छुट्टियों की लिस्ट भी जारी हुई है। ये बदलाव सीधे आम आदमी की जेब और रोजमर्रा की जिंदगी पर असर डालेंगे। आइए जानते हैं इन पांच बड़े बदलावों के बारे में—

1. एलपीजी सिलेंडर की कीमतें बढ़ीं

त्योहारी सीजन की शुरुआत में ही ग्राहकों को महंगाई का झटका लगा है। 1 अक्टूबर से ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए हैं।

  • दिल्ली: ₹1580 से बढ़कर ₹1595
  • कोलकाता: ₹1684 से बढ़कर ₹1700
  • मुंबई: ₹1531 से बढ़कर ₹1547
  • चेन्नई: ₹1738 से बढ़कर ₹1754

हालांकि, घरेलू 14 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

2. हवाई यात्रा हो सकती है महंगी

एटीएफ (Air Turbine Fuel) के दामों में जोरदार बढ़ोतरी की गई है।

  • दिल्ली: ₹90,713.52 से बढ़कर ₹93,766.02 प्रति किलोलीटर
  • कोलकाता: ₹93,886.18 से बढ़कर ₹96,816.58 प्रति किलोलीटर
  • मुंबई: ₹84,832.83 से बढ़कर ₹87,714.39 प्रति किलोलीटर
  • चेन्नई: ₹94,151.96 से बढ़कर ₹97,302.14 प्रति किलोलीटर

फ्यूल महंगा होने से फ्लाइट टिकट दरों में बढ़ोतरी की संभावना है।

3. रेलवे टिकट बुकिंग का नया नियम

इंडियन रेलवे ने टिकट बुकिंग में धोखाधड़ी रोकने के लिए नया नियम लागू किया है। अब रिजर्वेशन खुलने के बाद पहले 15 मिनट में सिर्फ वही यात्री ऑनलाइन टिकट बुक कर पाएंगे, जिनका आधार (Aadhaar) वेरिफिकेशन हुआ है। यह नियम IRCTC वेबसाइट और ऐप दोनों पर लागू है। हालांकि, पीआरएस काउंटर से टिकट बुक करने वालों पर इसका कोई असर नहीं होगा।

4. यूपीआई नियम में बदलाव

NPCI के आदेश के बाद आज से UPI का P2P कलेक्ट ट्रांजैक्शन फीचर हटा दिया गया है। सुरक्षा को मजबूत करने और वित्तीय धोखाधड़ी पर रोक लगाने के उद्देश्य से यह बदलाव किया गया है।

5. अक्टूबर में बैंकों की बंपर छुट्टियां

त्योहारी सीजन में अक्टूबर महीने में बैंकों की कुल 21 छुट्टियां रहेंगी। इसमें महात्मा गांधी जयंती, दुर्गा पूजा, दशहरा, करवा चौथ, दिवाली, गोवर्धन पूजा, भाई दूज और छठ पूजा समेत कई त्योहार शामिल हैं। इसके अलावा रविवार और दूसरे-चौथे शनिवार को भी बैंक बंद रहेंगे। अलग-अलग राज्यों में छुट्टियों की तिथियां भिन्न हो सकती हैं।

इन पांच बड़े बदलावों से साफ है कि अक्टूबर 2025 आम आदमी की जेब, सफर और डिजिटल लेन-देन पर सीधा असर डालने वाला महीना साबित होगा।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *