वह चिल्लाती रही,कपड़े तक फट गए लेकिन प्रेमी ने नहीं छोड़ा दुपट्टा..


प्रेमिका को 500 मीटर तक सड़क पर घसीटा, कपड़े फटे, चीखती रही… प्रयागराज में हैवानियत भरी वारदात

प्रयागराज | 02 अक्टूबर 2025

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक युवक ने अपनी प्रेमिका को दुपट्टे से खींचकर करीब 500 मीटर तक सड़क पर घसीटा। इस दौरान युवती चीखती-चिल्लाती रही, लेकिन आरोपी ने उसे नहीं छोड़ा। घसीटने की वजह से युवती के आधे से अधिक कपड़े फट गए। मामला सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

घटना बुधवार रात सोरांव थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, 22 वर्षीय पीड़िता प्रयागराज के नूरपुर गांव की रहने वाली है। उसका दो साल से मऊआइमा निवासी अंकित नामक युवक से प्रेम संबंध था। दोनों सोरांव इंटर कॉलेज में साथ पढ़ते थे, जहां दोस्ती प्यार में बदली और दोनों के परिजनों ने उनकी शादी भी तय कर दी थी। लेकिन तीन महीने पहले रिश्ते में दरार आ गई और शादी टूट गई। इसके बाद से दोनों के बीच विवाद चल रहा था।

इसी बीच, अंकित ने युवती को बहला-फुसलाकर नया कारोबार शुरू करने और शादी का झांसा देकर एक लाख रुपये मांगे। युवती ने बुधवार को रकम की व्यवस्था की और उससे मिलने नूरपुर बाग के पास पहुंची। पैसे लेने के बाद अंकित ने उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। विरोध करने पर उसने युवती के साथ मारपीट की।

आरोपी अंकित के साथ उसका दोस्त रंजीत भी मौजूद था। जब युवती ने उसके साथ जाने से इनकार कर दिया, तो रंजीत ने बाइक स्टार्ट की और अंकित पीछे बैठ गया। युवती के गले में लिपटा दुपट्टा अंकित ने पकड़ लिया और उसे घसीटना शुरू कर दिया। बाइक करीब 500 मीटर तक चलती रही और युवती सड़क पर घिसटती रही। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण दौड़े तो आरोपी घबरा गए, जिससे बाइक फिसलकर गिर पड़ी। इसके बाद दोनों पैदल मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलने पर पुलिस ने घायल युवती को सीएचसी में भर्ती कराया। सोरांव थाना प्रभारी केशव वर्मा ने बताया कि आरोपी अंकित और रंजीत के खिलाफ मारपीट, अपहरण की कोशिश, लूट और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। युवती की मां ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे बुलाकर न सिर्फ मारपीट की बल्कि एक लाख रुपये भी लूट लिए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोनों आरोपियों की तलाश जारी है।

📰 NGV PRAKASH NEWS


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *